दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज (बांका) : प्रखंड के सीएचसी में विद्युत व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है।एक तो बिजली की निर्बाध आपूर्ति नहीं हो रही है। दूसरी ओर अस्पताल लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहा है।जिस कारण अस्पताल का एक्सरे मशीन पिछले चार माह से शोभा की वस्तु बनकर रह गई है।एक्सरे नहीं होने से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।एक्सरे के लिए मरीजों को शंभुगंज और सीमावर्ती असरगंज बाजार का चक्कर काटना पड़ रहा है। स्थानीय विभूति प्रसाद सिंह , प्रभुनाथ सिंह सहित अन्य ने बताया कि सीएचसी में साधारण एक्सरे मशीन हटाकर डिजिटल मशीन लगाया गया ।ताकि मरीजों को सुविधा मिल सके , लेकिन अस्पताल प्रबंधन की अव्यवस्था एवं विद्युत विभाग की शिथिलता के कारण क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।इस क्षेत्र में करीब सवा दो लाख की आबादी सीएचसी पर निर्भर है। इसके बाद भी अस्पताल की व्यवस्था बदहाल है। बुधवार को भी आधे दर्जन मरीजों को अस्पताल से बगैर एक्सरे के बैरंग वापस लौटना पड़ा।एक सप्ताह पहले अस्पताल निरीक्षण के दौरान डीएम अंशुल कुमार ने भी समस्या समाधान करने का निर्देश दिया। इसके बावजूद भी एक्सरे रूम में बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो सका। इस संबंध में अस्पताल प्रभारी डा अजय कुमार ने बताया कि एक्सरे मशीन में क्षमता के हिसाब से वोल्टेज नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। बताया कि समस्या समाधान के लिए कई बार विद्युत विभाग के कनीय अभियंता से लेकर कार्यपालक अभियंता को दिए हैं , लेकिन समाधान नहीं हो सका। कनीय अभियंता अमीत कुमार ने बताया कि अस्पताल में अर्थिंग की कमी से वोल्टेज की समस्या है , जल्द ही समस्या समाधान होगा।