राशन - केरोसिन से वंचित बेला गांव के दर्जनों लाभुकों ने मुखिया का किया घेराव

दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट

शंभुगंज (बांका) : प्रखंड क्षेत्र में जनवितरण आपूर्ति की स्थिति ठीक नहीं है।एक तो पहले से जनवितरण आपूर्ति में घटतौली का खेल चल रहा है। अब तो लाभुकों से अंगुठे लगाने के बाद भी खाद्यान्न नहीं मिल रहा है। ऐसा ही मामला वैदपुर पंचायत के वार्ड संख्या 11 के बेला गांव में सामने आया है।उक्त गांव के माझी टोला के दर्जनों लाभुकों को दो माह से जनवितरण दुकानदार द्वारा खाद्यान्न का लाभ नहीं मिल रहा है।सोमवार को खाद्यान्न से वंचित लाभुकों ने मुखिया का घेराव किया। वार्ड सदस्य लूखो देवी , अशोक माझी , मुकेश माझी , नंदलाल माझी , कैलाश माझी , खुशबू देवी , रूबी देवी , सहित अन्य ने बताया कि जनवितरण दुकानदार की मनमानी रवैये से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।बताया कि एक तो राशन - केरोसिन के लिए घर से तीन किलोमीटर दूर बदुआ नदी पार कर थेवाय गांव जाना पड़ता है। उसमें भी समय से खाद्यान्न का लाभ नहीं मिलती है।बताया कि पिछले दो महिनों से खाद्यान्न नहीं मिल रहा है , जबकि पीओएस मशीन एवं पंजी पर अंगूठे का निशान दुकानदार पहले लगा लिया। दुकानदार कभी लिंक फेल तो कभी उपर से खाद्यान्न आवंटन नहीं होने की बात कह पल्ला झाड़ लेते हैं।आक्रोशित लाभुकों ने मुखिया को चेताया कि समस्या का समाधान करना जनप्रतिनिधियों का काम है ।यदि समस्या समाधान नहीं होता है तो प्रखंड मुख्यालय का घेराव होगा। इस संबंध में जनवितरण दुकानदार सियाराम पंडित ने आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि उक्त बस्ती के कई पुरूष रोजी - रोजगार के लिए बाहर में हैं।कई महिलाएं एक माह छोड़कर खाद्यान्न उठाने का काम करती हैं। मुखिया किसलय कुमार ने बताया कि लाभुकों की शिकायत पर जनवितरण दुकानदार से बात की गई है।समस्या समाधान के लिए प्रयासरत हैं। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रशांत कुमार सहित अन्य ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जाएगी , और दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post