दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज (बांका) : प्रकृति की विमुखता के साथ - साथ सिस्टम की लाचारी के कारण प्रखंड के दर्जनों गांवों में पेयजल के लिए हाहाकार है।पेयजल से वंचित लोग आए दिन विभाग के खिलाफ गुस्सा उतार रहे हैं। शुक्रवार को भी बिरनौधा पंचायत के ग्रामीणों ने पानी के लिए प्रदर्शन किया। बिरनौधा पंचायत के वार्ड संख्या छह एवं सात में पेयजल की गंभीर समस्या है। उक्त वार्ड में सात निश्चय योजना से जलमीनार बनी है , लेकिन आधी आबादी को नल का जल नसीब नहीं है। इसके अलावे करसोप के वार्ड संख्या चार , पांच , छह एवं सात , गुलनी पंचायत के पांच , छह , सात एवं आठ , कुर्मा के 14 , रामचुआ के वार्ड संख्या पांच , छह , सात इत्यादि अन्य जगहों पर लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है।ग्रामीणों द्वारा शिकायत और प्रदर्शन के बावजूद भी विभाग पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। दो दिन पूर्व जिला प्रशासन की टीम ने नल जल का पड़ताल किया।जिसमें अधिकांश जगहों पर पेयजल की समस्या की शिकायत मिली। इस संबंध में बीपीआरओ रौनक कुमार ने बताया कि पानी की समस्या को दूर करने के लिए प्रयासरत हैं।