बांका:चांदन प्रखंड के कोरिया पंचायत में कुछ दिन बंद रहने के बाद एक बार फिर अवैध आरामिल चालू कर दिया गया है। इस आरा मिल के चालू होने पर कोरिया सहित आसपास के कई गांव से ग्रामीण बड़ी संख्या में जंगलों से कीमती लकड़ी की कटाई कर मील लेजाकर उसकी चिराई कराई जाती है। इससे स्थानीय ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है। पूर्व में इसकी शिकायत होने के बाद इस मील को बंद करने का आदेश दिया गया था। साथ ही मील मालिक पर मुकदमा भी दर्ज हुआ था। जिसके बाद इस मील को बंद कर दिया गया। लेकिन कुछ दिन बंद रहने के बाद बीते सप्ताह यह मील फिर से काम करना शुरू कर दिया गया है। और अगल-बगल के जंगलों से बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई भी शुरू हो गई है। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीण रोहित कुमार, रंजीत कुमार ,ललिता देवी, महादेव यादव, वासुदेव यादव, किशोरी देवी, गुड्डू यादव, प्रकाश यादव सहित कुछ ग्रामीणों ने एक बार फिर वन विभाग के वरीय पदाधिकारी और स्थानीय वनपाल को आवेदन देकर अवैध आरा मिल को बंद कराने की मांग किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोरिया ग्राम निवासी पिंटू यादव और निरंजन यादव उर्फ त्रिलोकी यादव दोनों वन विभाग के स्थानीय अध्यक्ष से मिलकर इस आरा मिल को चलाने का काम कर रहा है। इसी प्रकार का अवैध आरामिल सिलजोरी पंचायत के भनरा और बिरनिया पंचायत में भी खुलेआम चल रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि स्थानीय वनपाल और वन विभाग के अध्यक्ष को जानकारी होने के बावजूद उन लोगों द्वारा कोई कार्यवाई नहीं होती है। जिससे उन लोगों का हौसला बुलंद है। वहीं स्थानीय वनपाल अशोक कुमार झा का कहना है कि कोरिया के मील को बंद करते हुए उस पर मामला भी दर्ज कर दिया गया था। लेकिन अगर उसे फिर से चालू किया गया है, तो उसकी जांच की जाएगी, और जहां-जहां भी अवैध आरा में चल रहा है सभी पर निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।
