बांका:जिलाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर चांदन प्रखंड के सभी सत्तरह पंचायतों में सुखाड़ राहत पाने वालों की सूची बनाकर उसकी समुचित जांच के बाद पोर्टल पर अपलोड करने का काम युद्धस्तर पर लगातार किया जा रहा है।इसमे देर रात तक जहां बीडीओ राकेश कुमार,सीओ प्रशांत शांडिल्य,और पंचायती राज पदाधिकारी काम कर रहे है। वही इस काम में हर पंचायत में कुछ बिचौलिया भी अपनी जेब भारी कर रहे है। बिचौलिये की शिकायत हर पंचायत से सुनने को मिल रही है।जिसमे कुछ पंचायतों में वार्ड सदस्य भी इस वसूली अभियान में लगे हुए है। वहीं कुछ जगहों पर अन्य पंचायत सदस्य और मुखिया के चहेते भी बिचौलिये की भूमिका में अच्छी खासी कमाई कर रहे हैं। कुछ शिकायतकर्ता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि बिचौलिये द्वारा राशि दिलवाने के नाम पर 50 से लेकर 200 तक वसूल किया जा रहा है। नहीं देने पर रजिस्टर से नाम काटने की धमकी दी जाती है। जिससे खासकर गरीब और अनपढ़ लोग राशि से वंचित होने के डर से लाचार होकर बिचोलिये को पैसा दे देते हैं। इस संबंध में पूछने पर बीडीओ राकेश कुमार और सीओ प्रशांत शांडिल्य ने बताया कि हर प्रकार से लोगों को समझा दिया गया है कि सिर्फ कागजात जमा करें, किसी भी प्रकार के राशि नहीं देने को कहा गया है। ऐसा ही प्रचार अखबार और अन्य स्रोतों से भी करवा दिया गया है। फिर भी कुछ लोग अगर पैसा देते हैं तो उसकी जांच निश्चित रूप से की जाएगी, और पैसा लेने वाले पर समुचित कार्यवाई भी होगी। उन्होंने आम लोगों से अपील किया है कि हर आदमी को सुखाड़ राहत की राशि उपलब्ध होगी, इसलिए किसी भी बिचौलिये के चक्कर में आकर उसे राशि नहीं दें। और राशि मांगने वाले की शिकायत प्रखंड स्तर पर आ कर दें।
