दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज,(बांका):अंगक्षेत्र का प्रसिद्ध सिद्धपीठ तिलडीहा दुर्गा मंदिर परिसर में शनिवार को पाठाबलि का आयोजन किया गया । जिसमें 2302 पाठाबलि पड़ा। शारदीय नवरात्र के एक माह बाद पाठा बलि के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिली । जिस कारण पाठाबलि के लिए भक्त उमड़ पड़े । सुबह पांच बजे से ही लोग नंबर लगाने मंदिर पहुंचने लगे ।बलि दाता एक सौ रूपया मंदिर में खोले गए काउंटर में जमा कर संकल्प शुल्क रसीद कटाने के साथ ही पाठा की बलि चढ़ाने के लिए कतार में खड़े हो रहे थे। सुबह आठ बजे तक तो मंदिर के मुख्य द्वार से करीब एक किलोमीटर तिलडीहा गांव तक लंवी कतारें लग गई । पाठा बलि का सिलसिला दोपहर के दो बजे तक चला । मुख्य द्वार से करीब पांच सौ मीटर तक बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी । प्रवेश द्वार पर पुलिस जवान सख्त थे । जिसमें बैरिकेड के अंदर कतार में श्रद्धालुओं को ही पाठा लेकर जाने की अनुमति थी । ताकि अंदर भगदड़ की स्थिति न हो ।सीओ अशोक कुमार , थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे । थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत ने बताया कि पाठाबलि कार्यक्रम शांतिपूर्ण संपन्न हुआ ।
