दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभूगंज (बांका): बांका कृषि प्रोद्योगिकी प्राधिकरण आत्मा के द्वारा प्रखंड मुख्यालय में एक सप्ताह पूर्व रबी कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसकी अध्यक्षता बीएओ चितरंजन चौधरी के द्वारा किया गया था। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न गांवों के किसानों को रबी बीज का वितरण किया जा रहा है। जिसमें बाजार के एक कृषि केंद्र पर बीज उपलब्ध नहीं रहने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसमें कुछ किसान ओटीपी नंबर आने के बावजूद भी रबी बीज से वंचित हो रहे हैं। इस क्रम में बुधवार को ई - किसान भवन में रबी बीज से वंचित महिला एवं पुरुष किसानों ने बीज उपलब्ध कराने को लेकर बीएओ को कार्यालय में घेर लिया। जिस पर बीएओ सहित अन्य कर्मियों द्वारा समझाने पर आक्रोशित किसान शांत हुए। नाराज किसानों ने बताया कि बीज प्राप्त करने के लिए बाजार के साकेत कृषि केंद्र पर घंटों मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद भी बीज लेने से अभी तक वंचित हैं। बताया कि बीते पांच दिनों से प्रखंड मुख्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन कोई फायदा नजर नहीं आ रहा है। जिससे आक्रोशित किसानों ने बीएओ से मिलकर गेंहू, चना, मसूर सहित अन्य बीज प्राप्त करने को गुहार लगाई। जहां बेलसिरा गांव के संगीता देवी, पूनम देवी, प्रमिला देवी, लाखा गांव के श्याम यादव, रंजित मंडल, कुरमा गांव के अभ्यास कुमार सहित अन्य किसानों ने बीज उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके एक सप्ताह पूर्व रवि महोत्सव में किसानों को आधुनिक व वैज्ञानिक तरीके से खेती - किसानी के गुर सिखाए गए थे। जिसमें बीएओ द्वारा कम लागत में अधिक उपज प्राप्त करने के लिए समय पर बुआई, जीरो टिलेज मशीन से खेती, सुक्ष्म सिंचाई सहित अन्य विस्तृत जानकारी दी गई थी। इधर बीएओ चितरंजन चौधरी ने बताया कि रबी बीज से वंचित सभी किसानों को बीज उपलब्ध कराई जाएगी।
