बांका: भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद के जन्म दिवस तीन दिसंबर को अधिवक्ता दिवस के रूप में धूमधाम से मनाने के लिए बांका व्यवहार न्यायालय में तैयारी जोर शोर से चल रही है। इसका मुख्य कारण यह है कि पहली बार बांका व्यवहार न्यायालय में इस अवसर पर माननीय उच्च न्यायालय के चार न्यायाधीश उपस्थित रहेंगे। इसकी जानकारी देते हुए विधिक संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह और जिला एडवोकेट एसोसिएशन के सचिव महेश्वरी प्रसाद यादव ने बताया कि इस अवसर पर एक दर्जन के अधिक ऐसे अधिवक्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। जिसके द्वारा इस विधि व्यवसाय में 50 साल का समय पूरा कर लिया गया हो। यह कार्यक्रम बांका के अधिवक्ताओं के लिए काफी गौरव की बात है। इसमें आने वाले उच्च न्यायालय के माननीय न्यायधीश में अनिल कुमार सिंहा, सुनील कुमार पनवार, अरुण कुमार झा, और चंद्रशेखर झा शामिल है। जिसमें सुनील कुमार पनवार बांका जिला बनने के बाद पहले जिला जज के रूप में यहां अपना योगदान कर चुके हैं। जबकि चंद्रशेखर झा को भी बांका न्यायालय में योगदान करने का अवसर मिला है। विधिक संघ के अधिवक्ताओं को उम्मीद है कि इस कार्यक्रम में अधिवक्ताओं और व्यवहार न्यायालय के अन्य क्रियाकलापों में सुधार करने का आदेश न्यायाधीशों द्वारा निश्चित रूप से दिया जाएगा। साथ ही साथ न्याय व्यवस्था को अच्छे ढंग से चलाने के लिए अधिवक्ताओं की भूमिका पर भी दिशा निर्देश दिया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विधिक संघ और जिला एडवोकेट एसोसिएशन द्वारा हर तरह की तैयारी की जा रही है ।साथ ही साथ सभी अधिवक्ताओं को इस अवसर पर उपस्थित रहने का भी अनुरोध किया गया है। ताकि माननीय न्यायाधीश के दिशा निर्देशों का उन पर प्रभाव पड़े।
अधिवक्ता दिवस पर उच्च न्यायालय के चार न्यायाधीश रहेगे उपस्थित
byआमोद कुमार दुबे
-
0