अतिक्रमणकारियों का कब्जा राहगीरों को होती है परेशानी

संग्रामपुर, (मुंगेर):
पंकज सिंह की रिपोर्ट

ये शहर भी अपना है। शहर की सड़कें भी अपनी है। सड़क पर वाहन चले न चले अपनी दुकानें चलनी चाहिए। इसी वाक्य को अपने में समेटे इन दिनों संग्रामपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय के मुख्य गेट से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर तक अतिक्रमणकारियों ने सड़कों को इस कदर अतिक्रमण कर रखा है कि लोगों को पैदल चलना भी दूभर हो गया है। प्रखंड मुख्यालय के गेट से संग्रामपुर मुख्य बाजार तक स्थाई दुकानों के अलावे अस्थाई दुकानों की भी सड़क किनारे भरमार लग गई है।अतिक्रमणकारियों का बोलबाला इस कदर है की इनके आगे प्रशासन भी शायद विवश नजर आ रही है। प्रशासन के बार-बार प्रयास के बाद भी संग्रामपुर मुख्य बाजार की सड़कों से अतिक्रमण नहीं हट रहा है। विदित हो कि प्रत्येक वर्ष दो से तीन बार प्रशासन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाता है। पूरे ताम झाम से चलाए गए अभियान का हर बार नतीजा सिफर रहता है। सड़क किनारे अस्थाई रूप से सब्जी फल चाट छोले नाश्ता आदि के दुकान का जाल इस कदर फैल रहा है जैसे अतिक्रमणकारियों की होड़ लगी हो। आए दिन सड़क जाम की स्थिति से राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जाम का दंश स्कूल बसों सहित एंबुलेंस को भी कई बार झेलनी पड़ती है। मुख्य बाजार के कई जगहों पर तो स्थाई रूप से अतिक्रमण किया गया है। कुछ जगहों पर दुकान का सामान व दुकान का बोर्ड आदि रखकर सड़क पर अस्थाई कब्जा जमा लिया जाता है। वही इस संदर्भ में कुसमार पंचायत के उपमुखिया पिंकी देवी ने बताया कि स्थानीय प्रशासन को चाहिए कि संग्रामपुर मुख्य बाजार सहित हॉस्पिटल चौक एवं प्रखंड कार्यालय के गेट के समीप जो भी अस्थाई दुकानें लगी है उसे हटाया जाए और सड़क को यथा स्थिति में लाया जाए ताकि लोगों को राह चलने में सुगमता हो। इस संदर्भ में अंचलाधिकारी स्नेहा सत्यम ने कहा कि सड़क किनारे जो भी अतिक्रमण कर रखा है उसे नोटिस निर्गत कर जल्द से जल्द मुख्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post