गलत ढंग से राहत राशि पाने वाले पर मामला दर्ज करने का आदेश

बांका:सुखाड़ राहत वितरण में भारी अनियमितता औऱ बिचोलिये की सक्रियता की शिकायत के बाद जिला अधिकारी अंशुल कुमार द्वारा इस पर अंकुश लगाने और गलत ढंग से राशि पाने पर कड़ी कार्यवाही का संकेत मिलना शुरू हो गया है। इस पर बीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि जिले के वरीय समाहर्ता शालिग्राम शाह द्वारा जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी प्रखंड कार्यालय को इस आशय का पत्र निर्गत किया गया है कि बीडीओ और सीओ संयुक्त रूप से प्रखंड के सभी पंचायतों में इस आशय का माइकिंग कराने की व्यवस्था करें। जिसमें यह बता दिया जाए कि सुखाड़ राहत राशि प्रत्येक परिवार के सिर्फ एक मुखिया सदस्य को दी जानी है। अगर किसी परिवार में एक से अधिक सदस्य को राशि मिली है तो वह राशि  वापस कर दें। अन्यथा राशि पाने वाले अन्य सदस्यों पर थाने में मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही साथ जिला अधिकारी द्वारा ऐसे सदस्यों की सूची भी मांगी गई है जिसकी अनुशंसा पर इस प्रकार का गलत भुगतान हुआ है। ऐसे पदाधिकारी और प्रखंड औऱ पंचायत प्रतिनिधि पर भी मामला दर्ज करने का आदेश दिया गया है। इस प्रकार के आदेश के बाद कुछ पंचायत प्रतिनिधियों में हड़कंप की स्थिति मच गई है। इस प्रखंड में कई परिवार ऐसे हैं जहां एक से अधिक सदस्यों को राशि भुगतान की गई है। बीडीओ राकेश कुमार के अनुसार रविवार को ही इस आशय की माइकिंग कराने की व्यवस्था की गई है ।साथ ही साथ कोई भी नया आवेदन बिचौलिया के माध्यम से पहुंचने पर बिचौलिया सहित आवेदक पर भी मामला दर्ज करने का आदेश दिया गया है।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post