दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज (बांका) : थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव के सरस्वती स्थान में बुधवार को ग्रामीणों ने मिलकर एक प्रेमी युगल की शादी करा दी।यह अनोखी शादी दिनभर चर्चा का बिषय बना रहा। दरअसल मुंगेर जिले के खड़िया निवासी श्रवण मंडल के पुत्र दीपक कुमार का ननिहाल मोहनपुर में रहने के कारण अक्सर आना - जाना लगा रहा। इस क्रम में पहलानपुर गांव के सुरेश मंडल की पुत्री रानी से आंखे चार हो गई। दोनों का प्यार इस तरह परवान चढ़ा कि एक दूसरे से मिलना - जुलना भी शुरू हो गया।दोनों के प्यार के बीच दीपक की दूसरी शादी रानी के स्वजनों को ठीक नहीं लग रहा था। इस पर दीपक कुमार बार - बार पहली पत्नी के फरार हो जाने की सफाई दे रहे थे। इस बीच दीपक मंगलवार की शाम लड़की से मिलने मोहनपुर आ गया। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने दोनों को सरस्वती स्थान में देखा।फिर ग्रामीण एकजूट हुए और दोनों के स्वजनों को बुलाकर रजामंदी से शादी करा दी गई। गांव के कुछ युवाओं ने शादी की वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल भी कर दिया।
