दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज (बांका) : रबी फसलों में पटवन का काम तेजी से चल रहा है ।दूसरी ओर किसानों को यूरिया की कमी से जूझना पड़ रहा है।इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है।प्रखंड बिस्कोमान भवन में पिछले एक सप्ताह से मुश्किल से ही सही , लेकिन यूरिया मिल रही थी। गुरूवार को किसानों के सामने बिस्कोमान भी खाली हो गया।यूरिया के लिए सुबह से ही किसान बिस्कोमान परिसर में लाइन लगाने लगे। दोपहर बाद वहां भी यूरिया का स्टाक खत्म हो गया। यह सुनते ही कतार में खड़े किसानों का धैर्य आक्रोश में बदल गया। किसानों ने व्यवस्था के खिलाफ हो हल्ला करना शुरू कर दिया। अंत में बुद्धिजीवियों के समझाने पर किसान शांत हुए। जहां रंधीर नंडल , सुको यादव , विमल दास , गनौरी दास , मु रहमान , ललिता देवी , रूबी देवी सहित अन्य ने बताया कि एक तो किसानों को धान के समय सुखाड़ का सामना करना पड़ा।किसी तरह पूंजी लगाकर रबी फसल लगाए हैं।उसमें भी यूरिया खाद की परेशानी से जूझना पड़ रहा है। बताया कि यदि समय पर खाद नहीं देते हैं तो इसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा।बताया कि विभाग की अव्यवस्था के कारण किसानों को परेशानी झेलना पड़ रहा है। इस संबंध में बिस्कोमान के प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि दोपहर बाद यूरिया का स्टाक खत्म हो गया। इसकी जानकारी जिला में भी दी गई है। बताया कि अगला रैक आने पर यूरिया वितरण होगा।
