बांका: चांदन प्रखंड कार्यालय से कभी कभी अजीबोगरीब मामला आता है। कुछ दिन पूर्व कुसुमजोरी पंचायत के एक गांव की जीवित महिला को मृत बताकर उसका राशन कार्ड बंद कर दिया। जिसकी खबर छपने के बाद हर प्रकार की जांच के बाद दुबारा उसका राशन कार्ड चालू कर दिया गया। अब दूसरा मामला सुईया से सामने आया है। जहां प्रखंड कार्यालय द्वारा एक व्यक्ति को 2001 में मृत्यु होने पर 2022 में मृत्यु प्रमाण पत्र दे दिया गया। फिर उसी व्यक्ति की मृत्यु 2021 में बता कर दूसरा मृत्यु प्रमाणपत्र 2023 में निर्गत कर दिया गया। बताया जाता है कि बोडा ग्राम निवासी मृतक की बहन मीना देवी ने एक आवेदन देकर जिलाधिकारी से शिकायत किया था कि सुरेश यादव की मृत्यु 12 अगस्त 2001 को हुई है जिसका प्रमाण पत्र भी प्रखंड कार्यालय से दो जनवरी 22 को प्राप्त किया गया है। लेकिन उसके बाद फर्जी तरीके से दूसरा मृत्यु प्रमाण पत्र 2023 में निर्गत कर लिया गया है जिसमें मेरे भाई के मृत्यु की तिथि 12 अगस्त 2021 दिखाया गया है। इतना ही नहीं मेरे भाई का गलत मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर उसके स्थान पर फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर जमीन को भी पूर्व जिप सदस्य मिठन यादव ने अपने नाम लिखवा लिया है। जब इसका पता लगाया गया तो यह बात सामने आई की मेरे भाई सुरेश यादव का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया गया है। जिसमें उसके मृत्यु की तिथि 12 अगस्त 2001 की जगह 2021 कर दिया गया है। अब जमीन खरीदने वाला व्यक्ति मुझे जमीन से भागना चाहता है। इस फर्जी प्रमाण पत्र बनाने में शामिल लोगों पर कानूनी कार्रवाई किया जाए। मीना देवी के इस आवेदन पर समुचित जांच करने पर पाया गया कि मीना देवी के हस्ताक्षर से ही शपथ पत्र दाखिल किया गया है। जिसमें मृत्यु की तिथि 12 अगस्त 21 बताया गया है। इस संबंध में पूछने पर बीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि एक ही व्यक्ति का दो मृत्यु प्रमाण पत्र की शिकायत आयी है लेकिन उसकी गहन छानबीन की जा रही है। इसमें अनियमितता कहां से हुई है इसकी जांच बहुत ही जरूरी है। और जांच लगभग पूरा हो चुका है। इसमें जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारी से आदेश दिया जाएगा। ताकि इस प्रकार की गलती किसी भी स्तर से दोबारा नहीं हो सके। जबकि मिठन यादव का कहना है कि इसमें कोई गलती नही है। सुरेश यादव की मृत्यु 2021 में हुई है। जिसमे आरोप लगाने वाली महिला मीणा देवी का ही शपथपत्र पर वह बना है। सारा प्रमाण प्रखंड कार्यालय को दे दिया गया है।



0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...