सिपाही भर्ती परीक्षा देकर घर लौट रहे बाइक सवार युवक की सड़क दुर्घटना में हुई मौत, एक किए गए रेफर

बांका : जिले के पंजवारा थाना अंतर्गत बैदाचक के समीप रविवार की दोहपर करीब 2:30 बजे सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि इसी घटना में एक युवक के जख्मी होने की खबर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के बाराहाट प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर हाई स्कूल से सिपाही भर्ती की परीक्षा देकर बाइक पर सवार होकर दो छात्र भागलपुर लौट रहे थे। इसी क्रम में पंजवारा थाना अंतर्गत बैदाचक के समीप विपरीत दिशा की ओर से आ रही तेजरफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गम्भीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं जख्मी युवक को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पंजवारा थाना की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है तथा घटना की जानकारी मृतक छात्र के परिजनों को दे दी गई है। मृतक युवक की पहचान भागलपुर जिले के मोजाहिदपुर थाना अंतर्गत सिकंदरपुर निवासी कार्तिक दास के 22 वर्षीय पुत्र अभिनव कुमार तथा जख्मी छात्र की पहचान सिकंदरपुर निवासी अशोक कुमार पासवान के 22 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के रूप में हुई है। वहीं इस दुर्घटना को अंजाम देने वाला स्कॉर्पियो वाहन झारखंड पाकुड़ जिला के झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष की बताई जा रही है। इधर घटना के बाद पंजवारा पुलिस ने स्कॉर्पियो और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। इधर एसडीपीओ विपिन बिहारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक ने सुरक्षा कवच हेतु हेलमेट नहीं लगाया था, स्कॉर्पियो से ठोकर लगने की वजह से सिर में अधिक चोट रहने के कारण घटनाथल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेजा गया है। जख्मी को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है, मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post