शराब के नशे में धुत होकर हंगामा करते राजकीय पॉलिटेक्निक बांका के प्राचार्य हुए गिरफ्तार

रजौन,बांका: प्रखंड के नवादा बाजार सहायक थाना अंतर्गत कोतवाली स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बांका के प्राचार्य ई. राजेश कुमार को नवादा बाजार सहायक थाना की पुलिस ने रविवार को कॉलेज परिसर से शराब के नशे में धुत अवस्था में गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में बांका भेजा है। इस सम्बंध में नवादा बाजार सहायक थानाध्यक्ष पंकज किशोर ने बताया कि कॉलेज परिसर से किसी ने डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी थी कि शराब के नशे में धुत होकर कॉलेज प्राचार्य राजेश कुमार हो-हंगामा कर रहे हैं, जिसके सत्यापन व आवश्यक कार्रवाई के लिए गई नवादा बाजार की पुलिस ने मौके पर हंगामा करते हुए प्राचार्य को हिरासत में लेकर रजौन सीएचसी पहुंचकर जब जांच कराया, तो ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शाहनवाज आलम ने शराब पीने की पुष्टि की है। इसके बाद आगे की कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया गया है। वहीं डॉ. शाहनवाज आलम ने बताया कि ब्रेथ एनालाइजर यंत्र से जांच के क्रम में 900 एमजी से अधिक शराब सेवन की मात्रा पाई गई है। इधर कॉलेज प्राचार्य के शराब पीने के जुर्म में गिरफ्तार होने की खबर पाते ही कॉलेज के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के अलावे इलाके में काफी सनसनी फैल गई है। इसको लेकर लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। बिहार में पूर्ण शराबबंदी रहने के बावजूद शिक्षा के मंदिर में प्राचार्य की ऐसी करतूत से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। गुप्त सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार कॉलेज के प्राचार्य अक्सर शराब पीकर कॉलेज में हो-हंगामा करते रहते थे, आखिरकार ऐसे शराबी प्राचार्य से तंग होकर कॉलेज के ही किसी सदस्य ने डायल 112 पर कॉल करके रविवार को इसकी सूचना दी थी, जिसके बाद नवादा बाजार पुलिस ने ये कार्रवाई की है।

रिपोर्ट: केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post