सरकारी तालाब में अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, मत्स्य पदाधिकारी ने दिए कार्रवाई के निर्देश

सरकारी तालाब में अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, मत्स्य पदाधिकारी ने दिए कार्रवाई के निर्देश

​रजौन,बांका :- प्रखंड के नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर गांव के सरकारी तालाब में चल रहे मिट्टी व कच्चे बालू के अवैध खनन के खेल पर अब प्रशासन ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बांका जिला मत्स्य पदाधिकारी सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रजौन थानाध्यक्ष को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से अवैध खनन रोकने और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। यह पूरा मामला तब सामने आया जब इस तालाब के पट्टेदार कुंज बिहारी सिंह ने विभाग को आवेदन देकर यह शिकायत की कि स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उक्त तालाब में अवैध रूप से खुदाई कर कच्चे बालू और मिट्टी बेची जा रही है। बता दें कि यह तालाब मत्स्य विभाग को हस्तांतरित है और रजौन प्रखंड की 'मत्स्यजीवी सहयोग समिति' के साथ सरकारी राजस्व पर इसका विधिवत बंदोबस्त किया गया है। पट्टेदार की शिकायत के बाद विभागीय क्षेत्रीय प्रभारी द्वारा की गई जांच में भी अवैध खनन की पुष्टि हुई है। इसी जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला मत्स्य पदाधिकारी ने पत्रांक-356 के माध्यम से रजौन पुलिस को सख्त लहजे में निर्देशित किया है कि इस अवैध धंधे पर अविलंब रोक लगाई जाए और की गई कार्रवाई से जिला कार्यालय को अवगत कराया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी प्रतिलिपि रजौन अंचलाधिकारी और जिला खनन पदाधिकारी को भी भेजी गई है। इधर प्रशासन के इस कड़े रुख से क्षेत्र के भू-माफियाओं और अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

0 Comments