इंटर आर्ट्स में रजौन की नेहा बनीं सेकेंड जिला टॉपर, मजदूरी करने वाले पिता की लाडली ने लहराया परचम

​रजौन,बांका :-बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा सोमवार को घोषित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणामों में रजौन प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय अमहारा-कोतवाली की छात्रा नेहा कुमारी ने कला संकाय में जिले में दूसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। नेहा ने कुल 463 अंक प्राप्त कर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है, जिसकी जानकारी मिलते ही पूरे विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड अंतर्गत घोरहा निवासी उमेश मंडल एवं बिशोखा देवी की पुत्री नेहा अपने दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटी है। नेहा के पिता उमेश मंडल बेंगलुरु में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता एक कुशल गृहिणी हैं। अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए नेहा ने बताया कि वह भविष्य में बीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर शिक्षिका बनना चाहती हैं, ताकि समाज के बच्चों के बीच ज्ञान का प्रकाश फैला सकें। नेहा की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता सहित पूरे क्षेत्र से उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। गौरतलब हो कि बांका जिले में कला संकाय की मेरिट लिस्ट में एनआरडी उच्च विद्यालय बांका के छात्र कमल कुमार ने 467 अंक लाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जबकि उच्च विद्यालय पटवा-श्रीपाथर की छात्रा वर्षा कुमारी ने 459 अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है।

रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post