1101 कलशों और भव्य झांकियों के साथ टेकनी में रुद्र महायज्ञ व प्राण-प्रतिष्ठा का हुआ आगाज

​रजौन, बांका : रजौन प्रखंड अंतर्गत टेकनी गांव में शनिवार को 'श्री श्री 1008 रुद्र महायज्ञ' एवं 'शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा' उत्सव का ऐतिहासिक शुभारंभ हुआ। नवनिर्मित धनेश्वर नाथ महादेव मंदिर से गाजे-बाजे और आकर्षक झांकियों के बीच 1101 कलशों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा यज्ञ स्थल से निकलकर सड़क मार्ग के रास्ते बरवट्टा पोखर मधाय पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत कलशों में जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालुओं का हुजूम श्यामपुर गांव की परिक्रमा करते हुए वापस यज्ञ स्थल पहुंचा, जहां यात्रा का समापन हुआ। ​इस दौरान भगवा पताका थामे युवाओं की टोली आगे-आगे जयकारे लगाते हुए चल रही थी, जबकि उनके पीछे रंग-बिरंगे आकर्षक परिधानों में सजी-धजी महिलाएं एवं नवयुवतियां अपने माथे पर कलश लेकर 'हर-हर महादेव' एवं 'जय श्री राम' का उद्घोष कर रही थीं। इस विहंगम दृश्य से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा के दौरान श्यामपुर, टेकनी, मधाय और संझा सहित आसपास के गांवों के हजारों श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते-गाते शामिल हुए। ​कलश शोभायात्रा संपन्न होने के बाद मौके पर उपस्थित धोरैया विधायक मनीष कुमार ने यज्ञशाला का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर रजौन जदयू प्रखंड अध्यक्ष अंजनी कुमार चौधरी, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, धोरैया जदयू प्रखंड अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह, जदयू किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह उर्फ विनोद सिंह, धोरैया प्रमुख प्रतिनिधि आलोक कुमार, प्रखंड मुखिया संघ सचिव प्रवीण कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि परशुराम मंडल, मो. मुजफ्फर अंसारी, जयकिशोर कुणाल, सरपंच प्रतिनिधि मनोज कुमार मिश्रा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं के आकर्षण के लिए 65 भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। बता दें कि शिवशक्ति योग पीठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु श्रीरामचन्द्राचार्य परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज के सानिध्य में यह महोत्सव 15 मई तक चलेगा, जहां यज्ञाचार्य कौशल जी वैदिक के नेतृत्व में 11 विद्वान पंडित अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार प्रतिदिन दोपहर में भजनों की प्रस्तुति और शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक पावन श्री राम कथा की अमृत वर्षा होगी। ​आगामी 13 मई को दीक्षा समारोह और 14 मई को शिव परिवार की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी, जबकि 15 मई को विसर्जन के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा। इस महाअनुष्ठान के मुख्य यजमान फाल्गुनी मंडल एवं नीलम देवी हैं। आयोजन को सफल बनाने में यज्ञ समिति के अध्यक्ष संतोष शर्मा, उपाध्यक्ष रामविलास मंडल, सचिव अमोद पासवान, उपसचिव राधे साह, कोषाध्यक्ष दयानंद रजक और उपकोषाध्यक्ष राजीव पासवान सहित समस्त ग्रामीण पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post