रजौन के पुनसिया बाजार में किराना दुकान पर पानी पीते ही बुजुर्ग की मौत, लू लगने की आशंका

रजौन के पुनसिया बाजार में किराना दुकान पर पानी पीते ही बुजुर्ग की मौत, लू लगने की आशंका

रजौन,बांका :-रजौन थाना क्षेत्र के पुनसिया बाजार स्थित एक किराने की दुकान में सोमवार की दोपहर खरीदारी करने आए एक अज्ञात बुजुर्ग व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुजुर्ग दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे और अभी पानी पी ही रहे थे कि इसी बीच वे अचानक मूर्छित होकर जमीन पर गिर पड़े। बुजुर्ग को अचेत अवस्था में गिरता देख दुकान और बाजार में मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों और डॉक्टरों का प्रथम दृष्टया मानना है कि क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और लू की चपेट में आने के कारण बुजुर्ग को अचानक हृदयाघात हुआ, जो उनकी मौत की वजह बना। घटना की सूचना मिलते ही रजौन थाना की पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है। फिलहाल मृतक बुजुर्ग की पहचान नहीं हो सकी है, जिसके लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में शिनाख्त का प्रयास करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

0 Comments