प्रखंड मुख्यालय के औचक निरीक्षण में बिफरे विधायक, गायब कर्मियों की शिकायत डीडीसी से की

प्रखंड मुख्यालय के औचक निरीक्षण में बिफरे विधायक, गायब कर्मियों की शिकायत डीडीसी से की

रजौन,बांका :-स्थानीय विधायक मनीष कुमार ने शनिवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित आईटी भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां आयोजित होने वाले शनिवारिय जनता दरबार का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में जनता दरबार में केवल अंचल राजस्व पदाधिकारी सुरजेश्वर श्रीवास्तव ही उपस्थित पाए गए, जबकि अन्य अधिकारी और कर्मी नदारद थे। अंचल कार्यालय के सामने जनता दरबार में आए आम लोगों को फर्श पर बैठा देख विधायक ने गहरी नाराजगी जताई और वहां की कुव्यवस्था में तुरंत सुधार करने की सख्त नसीहत दी। ​प्रखंड सह अंचल कार्यालय में कार्य समय के दौरान भी अधिकारियों और कर्मचारियों की इस अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने मौके से ही मोबाइल फोन के माध्यम से उप विकास आयुक्त को इसकी सूचना दी और कार्रवाई की बात कही। इसके बाद विधायक काफी देर तक प्रखंड मुख्यालय में ही डटे रहे और प्रखंड 20 सूत्री कार्यालय में बैठकर ग्रामीण इलाकों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में मुख्य रूप से स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े मामलों को लेकर ग्रामीण पहुंचे हुए थे। इस दौरान विधायक मनीष कुमार ने आधार कार्ड सेंटर और खेल मैदान का भी जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने पुराने प्रखंड सह अंचल कार्यालय के ध्वस्तीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। प्रखंड मुख्यालय के प्रवेश द्वार के समीप जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पड़े तालाब को देखकर उन्होंने जल्द ही इसका सौंदर्यीकरण कराने का आश्वासन दिया। मुख्यालय के निरीक्षण के बाद विधायक न्यू मार्केट स्थित जदयू कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ बैठक कर उनकी बातें सुनीं। इस अवसर पर प्रखंड जदयू अध्यक्ष अंजनी कुमार चौधरी, धोरैया जदयू प्रखंड अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह, पूर्व जदयू अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, जदयू प्रदेश सचिव मनोज सिंह, मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, मुखिया संघ के प्रखंड सचिव प्रवीण कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि दयाशंकर सिंह, राजेश्वर सिंह, बासुकी सिंह चंद्रवंशी, निरंजन सिंह, राधे हरिजन, संजय राव, जय किशोर कुणाल, मोहम्मद शाहनवाज, पूर्व सरपंच प्रदीप कुमार सिंह और युवा नेता स्कंद कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद थे।

रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

0 Comments