अंशुल अग्रवाल ने ग्रहण किया बांका के नए जिला पदाधिकारी का पदभार, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगी प्राथमिकता; विभिन्न शाखाओं का किया औचक निरीक्षण

​बांका :-बांका जिले में सोमवार को प्रशासनिक नेतृत्व का बदलाव हो गया है, जिसके तहत निवर्तमान जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला द्वारा अंशुल अग्रवाल को बांका जिला पदाधिकारी का प्रभार सौंपा गया। प्रभार मिलने के उपरांत अंशुल अग्रवाल ने समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी कार्यालय कक्ष में विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के तुरंत बाद नए जिला पदाधिकारी ने जिले के तमाम प्रशासनिक अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और एक परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि सरकार की सभी विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल एक्शन मोड में नजर आए और उन्होंने सोमवार को समाहरणालय स्थित स्थापना शाखा, नजारत शाखा, राजस्व शाखा सहित विभिन्न अन्य शाखाओं एवं कार्यालयों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों व कर्मियों को कार्यालयीन कार्यों के निष्पादन में दक्षता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कार्यालय परिसर व कार्यस्थलों में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने तथा सभी कर्मियों को समय पर कार्यालय आने एवं निर्धारित अवधि तक उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने निर्देश दिया कि सभी शाखाओं में लंबित मामलों एवं कार्यों की अद्यतन सूची तैयार कर उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने साफ किया कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण हो और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने सभी शाखा प्रभारियों को अपने-अपने कार्यालयों के कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

रिपोर्ट :- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post