रजौन,बांका :-बिहार के बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र से एक बेहद झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां पिछले 24 घंटों के भीतर तीन अलग-अलग गांवों में तीन महिलाओं की मौत से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल फैल गया है। इन सिलसिलेवार घटनाओं की सूचना मिलते ही रजौन थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेजते हुए मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पहली रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात राजावर पंचायत के चकरोशन गांव की है, जहां पारिवारिक बंटवारे के विवाद में एक कलयुगी बहू ने अपनी ही सास की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान चकरोशन निवासी शेरू यादव की 60 वर्षीय पत्नी विंदेश्वरी उर्फ विमला देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी महिला रामू यादव की पत्नी रूबी देवी बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शेरू यादव के बेटों के बीच तीन कट्ठा घरेलू जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसे लेकर आरोपी बहू ने पहले थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसी रंजिश में शनिवार की सुबह करीब 3 बजे रूबी देवी ने अपनी सास पर जानलेवा हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए। अभी पुलिस इस मामले की छानबीन कर ही रही थी कि दूसरी तरफ संझा गांव से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आ गई। यहां एक 20 वर्षीय नवविवाहिता सुनीति देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतका की शादी महज एक वर्ष पूर्व छोटू यादव से हुई थी। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि शुक्रवार की देर रात ससुराल वालों ने 2 लाख रुपये नगद और जेवर की मांग को लेकर सुनीति की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर अपराध को छुपाने के लिए शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। इस मामले में मृतका के पति छोटू यादव, सास संगीता देवी, ससुर उपेंद्र यादव और भैसुर मुरारी यादव पर दहेज हत्या का आरोप लगा है। इन दो वारदातों के बीच ही रजौन क्षेत्र के मधाय गांव से भी एक तीसरी महिला की हत्या की खबर ने पुलिस प्रशासन के होश उड़ा दिए। यहां अमित मंडल की 25 वर्षीय पत्नी नीतू कुमारी की भी शुक्रवार की रात गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस घटना को लेकर भी नीतू के मायके वालों ने उसके पति अमित मंडल, ससुर, भैंसुर और देवर पर प्रताड़ना और हत्या का सीधा आरोप लगाया है। रजौन थाना पुलिस के अनुसार तीनों ही घटनाएं बेहद संवेदनशील और गंभीर हैं। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मायके पक्ष के बयानों व प्राथमिक सबूतों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
रिपोर्ट :-केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...