रजौन ,बांका :बिहार लोक सेवा आयोग से चयनित प्राथमिक विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों की बहाली का सफलता पूर्वक 1 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में 'प्रधान शिक्षक संघ, बांका' के तत्वावधान में रजौन के धौनी स्थित प्रकृति बैंकेट हॉल में "प्रधान शिक्षक बांका जिला स्तरीय मिलन-सह-सम्मान समारोह" का भव्य आयोजन किया गया। 'प्रधान शिक्षक के एक वर्ष: उत्सव के साथ नया विमर्श' विषय पर केंद्रित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राथमिक विद्यालय रैयपुरा के प्रधान शिक्षक अमरेंद्र कुमार ने की, जबकि मंच का कुशल संचालन प्राथमिक विद्यालय झखरा शंभूगंज के प्रधान शिक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने किया। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि धोरैया विधायक मनीष कुमार, समस्तीपुर से आए राज्य स्तरीय प्रतिनिधि सह प्रधान शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष बलवंत कुमार सिंह एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद नवसृजित प्राथमिक विद्यालय जगन्नाथपुर की प्रधान शिक्षिका बिंदु कुमारी ने सुरीले अंदाज में स्वागत गान प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया। बीपीएससी से चयनित प्रधान शिक्षकों ने 1 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने की खुशी साझा करने के साथ-साथ बारी-बारी से अपने सेवा अनुभवों, प्राथमिक शिक्षा में आए सुधारात्मक बदलावों और विभिन्न प्रशासनिक व व्यावहारिक चुनौतियों पर प्रकाश डाला। सर्वप्रथम यूएमएस चकमुनिया के प्रधान शिक्षक मोहम्मद हुसैन जिलानी ने अपने उद्गार व्यक्त किए। इसके बाद विकास कुमार, निधि सत्यम, विश्वजीत आजाद ने प्रधान शिक्षकों की तीन प्रमुख ज्वलंत समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। प्राथमिक विद्यालय कठरंग के प्रधान शिक्षक भवानी शंकर ने सम्मानजनक वेतन व नीतिगत गरिमा बनाए रखने की मांग रखी, तो वहीं बाराहाट के स्नेह प्रियदर्शी ने विधायक से सरकार तक शिक्षकों की बुलंद आवाज पहुंचाने का अनुरोध किया। समारोह के दौरान प्रधान शिक्षकों के एक वर्ष के सफर के उपरांत उत्पन्न वेतन विसंगतियों को लेकर विधायक मनीष कुमार को 3 सूत्री मांगों का एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया। इसमें बिहार राज्य प्रारंभिक विद्यालय प्रधान शिक्षक नियमावली 2024 के तहत नियुक्त लगभग 28,000 प्रधान शिक्षकों का प्रारंभिक मूल वेतन (जो वर्तमान में ₹30,500 है) बढ़ाकर सातवें वेतन आयोग के लेवल-7 के अनुरूप ₹44,900 करने की मुख्य मांग रखी गई, ताकि कनिष्ठ शिक्षकों से उत्पन्न वेतन विसंगति दूर हो सके। साथ ही अन्य शिक्षकों की भांति समानुपातिक वेतन वृद्धि, सेवा निरंतरता, समयबद्ध प्रोन्नति, यात्रा भत्ता (टीए) तथा इच्छित स्थानांतरण की सुविधा देने का भी अनुरोध किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक मनीष कुमार ने प्रधान शिक्षकों को 1 वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा करने पर बधाई दी और उनकी सभी न्यायोचित मांगों व वेतन विसंगति के मुद्दे को बिहार विधानसभा में पुरजोर तरीके से उठाने का पूर्ण भरोसा दिलाया। इस अवसर पर रजौन जदयू प्रखंड अध्यक्ष अंजनी कुमार चौधरी, बाराहाट जदयू प्रखंड अध्यक्ष निखिल बहादुर सिंह, पूर्व जीप सदस्य उमेश कुमार उर्फ पप्पू वर्मा, मुखिया प्रवीण कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के कार्यक्रम सहायक (एपीओ) बिनय कुमार शर्मा, एमडीएम डीआरपी दीपक कुमार, बीआरसी लेखा सहायक मो. कमरेज आलम एवं प्रखंड साधन सेवी बिनय प्रसाद सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए बड़ी संख्या में शिक्षक व प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने में रजौन प्रखंड के प्रधान शिक्षक अमरेंद्र कुमार, भवानी शंकर, भारतेंदु विमल, श्याम सुंदर ठाकुर, राजीव रंजन, ललित कुमार, प्रियेश कुमार, निधि सत्यम, शिवांगी कुमारी, बिंदु कुमारी, अमन कुमार और अनिल कुमार सहित कई शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में उपस्थित मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, मीडियाकर्मियों तथा विभिन्न प्रखंडों से आए प्रधान शिक्षकों को फूल-माला व अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
रिपोर्ट:-केआर राव