रजौन,बांका :-भागलपुर-हंसडीहा मुख्य सड़क मार्ग पर प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 133 (ई) के निर्माण को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस महत्वाकांक्षी फोरलेन सड़क परियोजना के तहत शनिवार को सर्वे टीम ने रजौन प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत इस सड़क मार्ग के दोनों किनारों पर अवस्थित रैयती जमीनों और उसके दायरे में आने वाले मकानों के सर्वे के साथ-साथ जमीन की मापी का कार्य भी तेज गति से किया। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भागलपुर से लेकर भलजोर बॉर्डर तक बनने वाली यह फोरलेन सड़क करीब 100 फीट चौड़ी होगी, जिसके लिए मौजूदा मार्ग के दोनों ओर 50-50 फीट जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। इस चौड़ीकरण की जद में किन-किन रैयतों की निजी जमीन और मकान आ रहे हैं, उसका सटीकता से आकलन करने के लिए ही यह विशेष सर्वे और मापी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिग्रहित होने वाली भूमि का सही रकबा स्पष्ट हो सके। इस महत्वपूर्ण कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों की एक संयुक्त टीम लगातार क्षेत्र में मुस्तैद है। शनिवार को रजौन में मकानों को चिह्नित करने, सीमाओं को नापने और जमीन की इस संयुक्त मापी के कार्य के दौरान एनएच के कनीय अभियंता श्रीकांत कुमार श्रीवास्तव, इंदल पासवान, रजौन अंचल अमीन सुरेंद्र राउत और स्थानीय अमीन कैलाश प्रसाद सिंह सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मी मुख्य रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि सर्वे और मापी की फाइनल रिपोर्ट तैयार होने के बाद आगे की प्रशासनिक व मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस फोरलेन हाईवे के बन जाने से भागलपुर और हंसडीहा के बीच यातायात बेहद सुगम हो जाएगा और पूरे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
रिपोर्ट:- के आर राव