रजौन ,बांका :- बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, पटना और जिला प्राथमिक शिक्षक संघ, बांका के निर्देशानुसार शनिवार को प्रखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, रजौन की एक अत्यंत आवश्यक बैठक पेंशनर कार्यालय, रजौन में संपन्न हुई। राज्य प्रतिनिधि देवेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्य रूप से आगामी दिसंबर 2026 तक प्रखंड कमेटी का चुनाव कराने के निर्देश पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में संघ की मजबूती और सांगठनिक गतिविधियों को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिसके तहत सर्वप्रथम प्रखंड चुनाव कमेटी का गठन करने का प्रस्ताव पारित हुआ। इसके साथ ही क्षेत्र में जोरशोर से सदस्यता अभियान चलाकर शत-प्रतिशत शिक्षकों को प्राथमिक शिक्षक संघ, बांका का सदस्य बनाने का संकल्प लिया गया। संघ के कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के लिए कमेटी के सदस्यों का चयन अगली बैठक में करने का निर्णय लिया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य प्रतिनिधि अरुण कुमार सिंह, केसी दास, जिला सचिव राजीव कुमार, विनय कुमार झा, जिला प्रतिनिधि राजीव रंजन, आशुतोष कुमार चौधरी, दीपक कुमार पंकज और अश्विनी कुमार दास सहित संघ के कई प्रमुख पदाधिकारी और शिक्षक मुख्य रूप से उपस्थित थे।
रिपोर्ट :- के आर राव