रजौन,बांका :-रजौन प्रखंड सह अंचल कार्यालय के पुराने भवन के समीप स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं जननायक कर्पूरी ठाकुर के प्रतिमा स्थल के सामने लगा प्रखंड मुख्यालय का ही एक वर्षों पुराना विशाल वायरलेस टावर अचानक सड़क पर गिर पड़ा, जिससे रजौन विद्युत कार्यालय सहित आसपास के मोहल्लों और कॉलोनियों को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि हाल ही में प्रखंड मुख्यालय के जर्जर हो चुके पुराने भवन को ध्वस्त किया गया था और उसी दौरान जेसीबी आदि की ठोकर लगने से यह टावर कमजोर हो गया था, जिसके करीब 3-4 दिन बाद यह अचानक रास्ते पर ही आ गिरा। हालांकि टावर गिरने के दौरान कोई वहां मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया, लेकिन तब से लेकर अब तक टावर को सड़क से नहीं हटाए जाने के कारण विद्युत कार्यालय और स्थानीय कॉलोनियों के वासिंदों का आवागमन पूरी तरह ठप है। इस भीषण बरसात के मौसम में रास्ता बंद होने के कारण लोगों को प्रखंड मुख्यालय मैदान के रास्ते भारी कीचड़ और जलजमाव के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग के उपभोक्ताओं और कर्मचारियों को भी कार्यालय आने-जाने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है, जिसे देखते हुए स्थानीय जनता ने प्रशासन से आम लोगों की इस परेशानी को दूर करने और सड़क से टावर हटाकर यातायात जल्द से जल्द सुचारू रूप से बहाल करने की मांग की है।
रजौन में प्रखंड मुख्यालय का वर्षों पुराना वायरलेस टावर गिरने से विद्युत कार्यालय व मोहल्लों का रास्ता ठप, कीचड़ से गुजरने को मजबूर लोग
byकुमुद रंजन राव
-
0