बांका: चांदन प्रखंड अंतर्गत आनंदपुर थाना क्षेत्र के सुडियाडीह गांव में रविवार को 19 वर्षीय युवती रूबी कुमारी की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। युवती का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दिया।मृतका के पिता कामदेव यादव ने बताया कि उनकी पुत्री शनिवार कि रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। रविवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर स्वजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद संदेह होने पर कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर जाकर देखा तो रूबी कुमारी घर की छत में लगे बांस के सहारे रस्सी के फंदे से लटकी हुई थी। स्वजनों ने ग्रामीणों की मदद से उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।घटना की सूचना पर आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार के निर्देश पर एएसआई रोहित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दिया।पुलिस ने घटनास्थल से मृतका का एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। स्थानीय स्तर पर प्रेम प्रसंग की चर्चा हो रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम एवं फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक मृतका के स्वजनों द्वारा थाना में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।बताया जाता है कि रूबी कुमारी दो बहनों में बड़ी थी और आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। करीब दो वर्ष पूर्व उसकी मां का निधन हो गया था। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उसका एक भाई रोजगार के सिलसिले में बेंगलुरु में रहता है।
संदेहास्पद स्थिति मे युवती की मौत, जांच में जुट गई पुलिस
byआमोद कुमार दुबे
-
0
