रजौन,बांका :-अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा चोरी के विरुद्ध विद्युत विभाग लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। इसी कड़ी में रजौन विद्युत आपूर्ति प्रशाखा की टीम ने बीते शुक्रवार (17 जुलाई) को रजौन थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पांच लोगों को रंगे हाथों पकड़ा है। कनीय विद्युत अभियंता राजाराम प्रसाद के नेतृत्व में गठित इस विशेष छापेमारी दल में मानवबल अजय कुमार गुप्ता, पिंटू पासवान एवं विवेकानंद कुमार शामिल थे। इस कार्रवाई के दौरान कुल 1,17,143 रुपये के राजस्व नुकसान और बकाया का मामला सामने आया है। विद्युत विभाग की लिखित शिकायत पर रजौन थाने में भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इस कार्रवाई के सम्बंध में जानकारी देते हुए विद्युत जेई राजाराम प्रसाद ने बताया कि छापेमारी दल ने सर्वप्रथम संझा गांव निवासी चुन्ना यादव के परिसर में जांच की, जहां कोई वैध कनेक्शन नहीं होने के बावजूद मुख्य एलटी लाइन में टोका फंसाकर 78 वाट का लोड चलाया जा रहा था, जिससे विभाग को 9,020 रुपये का नुकसान हुआ। इसके ठीक बाद टीम ने संझा गांव के ही अजय कुमार यादव के घर पर छापा मारा, जहां उनकी मां मंजू देवी के नाम पर स्मार्ट मीटर लगा पाया गया, लेकिन शातिर तरीके से मीटर को बाईपास कर पीवीसी तार के जरिये टोका लगाकर 285 वाट बिजली की चोरी की जा रही थी और इससे 8,836 रुपये की राजस्व क्षति का आकलन किया गया है। इसके बाद टीम ने झुरखुरिया गांव में हंटर चलाते हुए सनोज सिंह को बिना किसी वैध कनेक्शन के एलटी लाइन से सीधे टोका फंसाकर 147 वाट का उपयोग करते पकड़ा, जिससे विभाग को 16,152 रुपये की क्षति हुई। वहीं इसी गांव के कपिलदेव सिंह के घर पर जब छापा मारा गया तो इनके घर में टोका फंसाकर 156 वाट का लोड उपयोग करते पाया गया, जिन पर 17,083 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं कैलाश प्रसाद सिंह के परिसर की जांच की गई तो उनके परिसर में मीटर लगा होने के बावजूद उसे बाईपास कर बिजली चोरी की जा रही थी; इन पर चोरी का 4,836 और पूर्व का 61,036 बकाया मिलाकर कुल 65,872 रुपये की देनदारी तय की गई है। बिजली विभाग ने सभी परिसरों से अवैध रूप से इस्तेमाल किए जा रहे सर्विस तार के आंशिक भागों को जब्त कर लिया है और चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में विद्युत ऊर्जा चोरी करने वालों के विरुद्ध यह अभियान और तेज किया जाएगा।
रिपोर्ट:- केआर राव