रजौन,बांका :-नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा घोषित NEET UG 2026 के परीक्षा परिणाम में बांका जिले के रजौन प्रखंड अंतर्गत सकहारा पंचायत के खजुरकोरामा गांव निवासी आर्मी जवान सुमंत कुमार एवं सोनी देवी के पुत्र हिमांशु कुमार ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हिमांशु ने इस कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा में 720 में से 592 अंक अर्जित करते हुए 99.348 परसेंटाइल के साथ ऑल इंडिया 12,995वीं रैंक प्राप्त की है, जबकि ओबीसी कैटेगरी में उनकी रैंक 5976 रही है। हिमांशु की इस सफलता के पीछे उनके कड़े संघर्ष और दृढ़ संकल्प की लंबी कहानी है। उन्होंने वर्ष 2023 में ओडिशा के केंद्रीय विद्यालय बालासोर से 89% अंक लाकर 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जिसके बाद उन्होंने दीक्षा इंटरनेशनल स्कूल भागलपुर से वर्ष 2025 में 91% अंकों के साथ इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की। इसी वर्ष अपने पहले प्रयास में उन्होंने नीट परीक्षा में 460 अंक प्राप्त किए थे, लेकिन मनमुताबिक परिणाम न मिलने के कारण उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी कमियों को सुधारने के लिए 'आकाश इंस्टीट्यूट भागलपुर' के कुशल शिक्षकों के मार्गदर्शन में अपनी तैयारी जारी रखी। उनकी इसी लगन और कड़े अभ्यास का नतीजा है कि आज उन्होंने 2026 की परीक्षा में सफलता का परचम लहरा दिया है। भारतीय सेना में रहकर देश की रक्षा करने वाले पिता सुमंत कुमार और माता सोनी देवी अपने लाडले की इस कामयाबी पर फूले नहीं समा रहे हैं। अपने माता-पिता की 4 संतानों में सबसे छोटे हिमांशु की इस ऐतिहासिक सफलता से उनके दादा गोपाल सिंह, दादी पद्मा देवी सहित पूरे परिवार और गांव में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिता जहां सीमा पर रहकर देश की सेवा कर रहे हैं, वहीं अब बेटा डॉक्टर बनकर देश के लोगों की जान बचाएगा और मानव सेवा का धर्म निभाएगा। फिलहाल हिमांशु को क्षेत्र के तमाम प्रबुद्ध जनों और शुभचिंतकों द्वारा बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है।
रिपोर्ट:- केआर राव