सफलता की नई इबारत: रजौन के कुमार आयुष ने NEET UG 2026 में 613 अंक लाकर बढ़ाया जिले का मान

​रजौन ,बांका :-नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा NEET UG 2026 का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है, जिसमें बांका जिले के रजौन प्रखंड अंतर्गत नवादा-खरौनी पंचायत के माहुचक निवासी पंकज कुमार एवं रिमझिम देवी के पुत्र कुमार आयुष ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आयुष ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 720 में से 613 अंक अर्जित करते हुए 99.668 परसेंटाइल के साथ ऑल इंडिया 6433वीं रैंक प्राप्त की है, जबकि ओबीसी कैटेगरी में उनकी रैंक 2705 रही है। बता दें कि कुमार आयुष के पिता पंकज कुमार भागलपुर के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अमरेंद्र नारायण चौधरी के क्लिनिक में करीब ढाई दशक से भी अधिक समय से कम्पाउंडर के रूप में कार्यरत हैं। पिता को मरीजों की सेवा करते देख आयुष को बचपन से ही यह प्रेरणा मिली कि वे भी पढ़-लिखकर एक कुशल चिकित्सक बनेंगे और मानवसेवा का धर्म निभाएंगे। बेटे की इस सफलता ने आज पिता के उस सपने को सच कर दिया है। शुरुआत से ही मेधावी रहे कुमार आयुष की प्रारंभिक शिक्षा भागलपुर के माउंट एसीसी विद्यालय से हुई थी, जहां उन्होंने वर्ष 2023 की मैट्रिक परीक्षा में 98.60% अंक लाकर तत्कालीन जिलाधिकारी से सम्मान प्राप्त किया था। इसके बाद उन्होंने रामनारायण लक्ष्मी विद्या संस्थान रन्नूचक मकंदपुर, भागलपुर से वर्ष 2025 में 94.2% अंकों के साथ इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसी वर्ष अपने पहले प्रयास में उन्होंने नीट परीक्षा में 492 अंक लाकर 62085वीं रैंक हासिल की थी, लेकिन मनमुताबिक परिणाम न मिलने के कारण उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी कमियों को सुधारने के लिए एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट कोटा और आकाश इंस्टीट्यूट भागलपुर के शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयारी जारी रखी। उनकी इसी लगन का नतीजा है कि आज उन्होंने 2026 की परीक्षा में सफलता का परचम लहरा दिया है। अपने माता-पिता की दो संतानों में सबसे बड़े आयुष की इस कामयाबी से उनके दादा लगनदेव मंडल, दादी संध्या देवी सहित पूरे परिवार और गांव में जश्न का माहौल है। उनके छोटे भाई पार्थ सारथी भी उन्हीं की तरह माउंट एसीसी से मैट्रिक करने के बाद फिलहाल इंटर की पढ़ाई कर रहे हैं। अपनी इस बड़ी सफलता पर कुमार आयुष ने इसका पूरा श्रेय अपने माता-पिता के त्याग और गुरुजनों के कुशल मार्गदर्शन को दिया है, वहीं क्षेत्र के तमाम प्रबुद्ध जनों द्वारा उन्हें बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है।
रिपोर्ट:- केआर राव 


Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post