​रजौन थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अहिल्या देवी हत्याकांड का मुख्य आरोपी सरयुग तांती और तीन कुर्की वारंटी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

​रजौन, बांका : रजौन थाना पुलिस ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए इसी वर्ष अप्रैल माह में हुई एक महिला की हत्या के नामजद अभियुक्त और न्यायालय जारी कुर्की वारंट के तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। ​पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार पहली सफलता इसी वर्ष अप्रैल महीने में हुई अहिल्या देवी (उम्र 31 वर्ष, पति: मुकेश तांती) की संदिग्ध मौत से जुड़े हत्याकांड मामले में मिली। इस संबंध में मृतका की मां सविता देवी (पति: कपिलदेव शर्मा, निवासी: खिड्डी) के लिखित आवेदन पर रजौन थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था। थाने में दर्ज मामले के अनुसार ससुराल वालों द्वारा बराबर मारपीट करने के बाद विगत 25 अप्रैल की रात्रि अहिल्या देवी को मार कर जबरन जहर पिला दिया गया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इस जघन्य कांड के मुख्य नामजद अभियुक्त और मृतका के ससुर उपरामा निवासी सरयुग तांती को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दबोच लिया, जिसकी पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी। ​इसी अभियान के तहत एक अन्य बड़ी कार्रवाई में रजौन थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए तीन फरार कुर्की वारंटियों को भी गिरफ्तार किया है। ये तीनों आरोपी कानून की नजरों से बचकर लगातार फरार चल रहे थे और इनके खिलाफ न्यायालय द्वारा कुर्की का वारंट जारी था। गिरफ्तार किए गए तीनों कुर्की वारंटी फुदकीपुर गांव के निवासी हैं, जिनकी पहचान मोहरील यादव, रघु यादव और फंटूश यादव के रूप में हुई है। रजौन थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों व वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराते हुए इन चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें आवश्यक कागजी कार्रवाई और चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के फरार अपराधियों में हड़कंप व्याप्त है।  

रिपोर्ट - केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post