No title

रजौन , बांका : प्रखंड की सिंहनान पंचायत के वार्ड नंबर 4 अंतर्गत आने वाला लौआचक तालाब इन दिनों पूरे क्षेत्र में घोर कौतूहल और दहशत का केंद्र बना हुआ है। सिंहनान गांव से सटे उत्तर-पूर्व दिशा में धोबीडीह गांव के निकट सड़क किनारे स्थित इस सरकारी तालाब से शुक्रवार की रात करीब 10 बजे से अचानक एक अजीबोगरीब और भयंकर आवाज आ रही थी। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह आवाज किसी तेज तूफान या भारी बवंडर जैसी गूंज पैदा कर रही थी, जिससे लोग इलाके में किसी संभावित ज्वालामुखी विस्फोट या बड़े भूस्खलन से पूर्व का संकेत मानकर भयभीत थे। शनिवार को मीडिया द्वारा सूचना दिए जाने पर बांका के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने तुरंत मामले को संज्ञान में लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को ही खनन निरीक्षक प्रीतिलता सिन्हा ने यहां आकर पहली बार निरीक्षण किया था। इसके बाद रविवार को डीएम के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी राजकुमार, जिला खनन पदाधिकारी बलवंत कुमार और खनन निरीक्षक प्रीतिलता सिन्हा पुनः मामले की गहन जांच और मुआयना करने सिंहनान के इस तालाब पर संध्या करीब 4 बजे पहुंचे। इस निरीक्षण के दौरान जदयू प्रखंड अध्यक्ष अंजनी कुमार चौधरी, प्रखंड मुखिया संघ सचिव प्रवीण कुमार सिंह और अंचल राजस्व कर्मचारी गुड्डू कुमार के अलावा काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण आदि उपस्थित थे। हालांकि, अधिकारियों के इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान तालाब से आ रही वह अजीबोगरीब आवाज बंद हो चुकी थी। स्थानीय ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि शनिवार की रात्रि में यह आवाज अचानक काफी ज्यादा बढ़ गई थी और रविवार के दिन के करीब 11 बजे तक लगातार होती रही, जिसके बाद फिलहाल यह पूरी तरह बंद हो चुकी है। तालाब पर पहुंचे एसडीएम राजकुमार ने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें ढाढस बंधाते हुए कहा है कि अगर फिर से किसी भी प्रकार की कोई आवाज सुनाई दे, तो स्थानीय प्रशासन को इसकी तुरंत सूचना दें। एसडीएम ने आश्वस्त किया कि दोबारा आवाज होने पर अब सीधे पटना की विशेषज्ञ टीम को बुलाकर इसकी गहराई से भूगर्भीय जांच कराई जाएगी। फिलहाल, प्रशासन और खनन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को तालाब के बहुत करीब न जाने तथा सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है।

रिपोर्ट:-  केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post