(नरेंद्र पांडेय)
बगहा। बगहा-2 रेलवे स्टेशन परिसर में शुक्रवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लगभग 25 वर्षीय युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पटखौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारकर थाना ले गई।
मंदिर में शादी का दावा, साथ छोड़ने का आरोप
पटखौली थाना पुलिस के अनुसार, रचना कुमारी नामक युवती उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के घुघली क्षेत्र की रहने वाली है। युवती का आरोप है कि उसकी मुलाकात बगहा-2 के मंगलपुर औसानी पंचायत निवासी विकास साहनी से उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद स्थित एक निजी कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी।
युवती का दावा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुए और वर्ष 2025 में मंदिर में विवाह किया। इसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे। युवती के अनुसार, कुछ समय बाद विकास अपने घर बगहा लौट आया और धीरे-धीरे उससे संपर्क करना बंद कर दिया।
घर पहुंचने पर मारपीट कर भगाने का आरोप
युवती का आरोप है कि वह गुरुवार को विकास से मिलने बगहा पहुंची, जहां उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। उसका कहना है कि उसे न्याय नहीं मिला और उसकी बात सुनने वाला कोई नहीं था।
मानसिक तनाव में उठाया कदम
युवती ने पुलिस को बताया कि मानसिक तनाव, भूख और अपमान की भावना के कारण उसने मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने उसे टावर पर चढ़ते देखा और तत्काल पटखौली थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
जांच में जुटी पुलिस
पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। मामले में दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाया गया है। जांच के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी पारिवारिक या व्यक्तिगत विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें तथा आवेश में आकर ऐसा कोई कदम न उठाएं जिससे जान-माल का नुकसान हो।
