शिक्षा की नई अलख: रजौन के किफायतपुर में 'अंग संस्कारशाला केंद्र' का हुआ भव्य उद्घाटन, गरीब बच्चों को मिलेगी मुफ्त शिक्षा व संस्कार

रजौन ,बांका :-प्रखंड के रजौन पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-8 किफायतपुर गांव में रविवार को ‘अंग संस्कारशाला केंद्र’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ धौनी-बामदेव पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार उर्फ टिंकू सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह को संबोधित करते हुए संस्था के संस्थापक सह अध्यक्ष राकेश कुमार ने केंद्र के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और कहा कि उनका संकल्प उन बच्चों तक शिक्षा पहुंचाना है, जो आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई से कोसों दूर हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी बच्चा केवल पैसे की कमी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे, यही हमारा मुख्य लक्ष्य है और अंग संस्कारशाला शिक्षा व संस्कार के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मिथिलेश कुमार उर्फ टिंकू सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा एवं संस्कार से जुड़े ऐसे कार्यों की समाज को अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित एवं संस्कारित समाज ही राष्ट्र की सच्ची ताकत होता है और ऐसे जमीनी प्रयासों से ही समाज में वास्तविक परिवर्तन आएगा। वहीं संस्था के उपाध्यक्ष मनीष कुमार ने इसे केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन बताया और अपील की कि यदि समाज के सभी लोग मिलकर सहयोग करें, तो शिक्षा और संस्कार का यह अनूठा अभियान प्रत्येक घर तक पहुंच सकता है। इस विशेष अवसर पर इंदु कुमारी को अंग संस्कारशाला में 'सोशल टीचर' के रूप में नियुक्त किया गया, जिन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास और शिक्षा-संस्कार के प्रसार के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राजकिशोर सिंह, अरविंद कुमार रजक, सेवानिवृत्त शिक्षक दिनेश मंडल सहित कई प्रबुद्ध लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा समाज के लोगों से इस जनहितकारी अभियान से बढ़-चढ़कर जुड़ने की अपील की गई।

रिपोर्ट :- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post