बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर होंगे जन सुराज के उम्मीदवार, बोले- भाजपा को हराने के लिए जो करना पड़ेगा, करेंगे

(आदित्य कुमार दुबे पटना से)
पटना, 5 जुलाई। जन सुराज पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इसकी घोषणा रविवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। उन्होंने बताया कि पार्टी की कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से प्रशांत किशोर के नाम पर मुहर लगाई है।

उम्मीदवारी की घोषणा के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव भाजपा और विशेष रूप से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज पर जनता का जनमत संग्रह होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए जो कुछ भी करना पड़ेगा, वह करेंगे।

प्रशांत किशोर ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों से जन सुराज ही उनके जीवन का उद्देश्य है और आने वाले वर्षों में भी बिहार में राजनीतिक बदलाव के लक्ष्य के साथ काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि बांकीपुर से चुनाव लड़ना उसी अभियान का महत्वपूर्ण चरण है।

उन्होंने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद जन सुराज के समर्थकों में निराशा का माहौल था, लेकिन बांकीपुर उपचुनाव पार्टी के लिए नई ऊर्जा लेकर आ सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि जनता का समर्थन मिला तो वे बांकीपुर की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करेंगे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जनता ने उन्हें सीधे मुख्यमंत्री के रूप में नहीं चुना, बल्कि वे बाद में इस पद पर पहुंचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व, नीतियों और सरकार के कामकाज पर जनता का भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि बांकीपुर में भाजपा हारती है तो इसे सरकार की नीतियों और कार्यशैली के प्रति जनता के असंतोष के रूप में देखा जाएगा, जबकि भाजपा की जीत को सरकार के प्रति जनसमर्थन माना जाएगा।

उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता के पास बिहार की राजनीति की दिशा तय करने का अवसर है। उनके अनुसार, इस उपचुनाव से सरकार भले नहीं बदलेगी, लेकिन राज्य की राजनीति की दिशा जरूर प्रभावित होगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में रामबली चंद्रवंशी, किशोर कुमार मुन्ना, केसी सिन्हा, एमएलसी आफाक अहमद, कुमार सौरव, सुभाष कुशवाहा, सरवर अली, इंदू सिन्हा, ओबैदुर रहमान, जेपी सिंह, राकेश पटेल समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post