--- कृषि वैज्ञानिक सहित अन्य अधिकारी भी हुए उपस्थित
बगहा :
जिला कृषि कार्यालय द्वारा नरकटियागंज केवीके (कृषि विज्ञान केंद्र) में आयोजित समेकित पोषक तत्व प्रबंधन विषय पर आयोजित 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को संपन्न हो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नरकटियागंज बीडीओ सूरज कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि मगध चीनी मिल के यूनिट प्रमुख आरके तिवारी, केएस ढाका व केवीके के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. आरपी सिंह, डॉ भूषण कुमार सिंह, डॉ. रातुलमोनी राम व डॉ. आशुतोष कुमार ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ श्री सिंह ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी ही फर्टिलाइजर (खाद) दुकान खोलने हेतु लाइसेंस प्राप्त करने के पात्र होंगे। फर्टिलाइजर विक्रेता के रूप में न सिर्फ वह एक दुकानदार रहेंगे बल्कि, किसानों के लिए उनकी भूमिका प्रथम पंक्ति के सलाहकार के रूप में भी उनका योगदान बढ़ जाता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले 15 दिनों में प्रशिक्षण के दौरान अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ किसानों तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूनिट प्रमुख मगध चीनी मिल नरकटियागंज आरके तिवारी ने पोषक तत्व प्रबंधन पर विशेष प्रकाश डालते हुए उचित पोषक तत्व प्रबंधन से किस प्रकार किसान अपनी लागत को कम कर सकता है तथा अधिक से अधिक मुनाफा कमा सकता है को विस्तार से बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केवीके के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. आरपी सिंह ने टिकाऊ खेती में उचित पोषक तत्व प्रबंधन के महत्व पर विशेष प्रकाश डालते हुए सभी से आग्रह किए कि आने वाले दिनों में जो भी विशेषज्ञ आए उनसे अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करने की कोशिश करें। समेकित पोषक तत्व प्रबंधन कार्यक्रम के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रातुलमोनी राम ने किया और 15 दिवसीय चलने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं व उसके लाभों पर विशेष प्रकाश डाला। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राम द्वारा दिया गया इस कार्यक्रम में 40 लोगों ने रजिस्ट्रेशन के माध्यम से प्रतिभाग किया है। कार्यक्रम का संचालन डॉ आशुतोष कुमार ने किया। समापन अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के पदाधिकारी नितेश कुमार, आलोक कुमार, अंकित कुमार मिश्र व त्रिवेदी ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।