17 दिन से गायब छात्र का शव गंडक नदी से वरामद

मृत छात्र की फाइल फोटो : 
--- 17 दिन बाद गंडक नदी से मिला 11 वर्षीय गौतम का शव, हत्या की आशंका व आरोप से मचा हड़कंप

बगहा : 
 पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में 17 दिन से लापता तीसरी कक्षा का 11 वर्षीय छात्र गौतम कुमार का शव बुधवार शाम गंडक नदी के रतनमाला घाट से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने गौतम की हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद विसरा सुरक्षित रख लिया है। अब पोस्टमार्टम व जांच रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होगी।
गौतम कुमार नगर परिषद के वार्ड-26 स्थित दूबे टोला निवासी तुलसी तुरहा का इकलौता पुत्र था। वह सिटी मॉन्टेसरी पब्लिक स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता था। परिजनों के अनुसार दो अगस्त की सुबह गौतम पड़ोसी शिवम गुप्ता के घर गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला था।
-------------------------
17 दिन बाद नदी में मिला शव : 
बुधवार शाम रतनमाला घाट के पास गंडक नदी किनारे शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने शव की पहचान गौतम के रूप में की। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गौतम की बरामदगी की मांग को लेकर विगत चार अगस्त को स्थानीय लोगों ने एनएच 727 जाम कर प्रदर्शन भी किया था। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद जाम समाप्त कराया गया था। मामले को लेकर इलाके में काफी आक्रोश था।
----------------------------
तीन डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम :
गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच तीन चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। टीम में डॉ. एके तिवारी, डॉ. एसपी अग्रवाल व डॉ. चंदन कुमार शामिल थे। पोस्टमार्टम के दौरान जरूरी नमूने सुरक्षित किए गए हैं। विसरा भी जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
------------------------------
रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
थानाध्यक्ष शैलेश कुमार के अनुसार पोस्टमार्टम व विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गौतम की मौत नदी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अब जांच रिपोर्ट से ही इस मामले की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post