स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग: रजौन में प्रधानाध्यापकों का दो पालियों में ऑनलाइन प्रशिक्षण संपन्न, 20 सितंबर तक पूरा होगा स्व-मूल्यांकन

​रजौन,बांका :- बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, बांका के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा) मो. फारुख रहमान के निर्देशानुसार प्रखंड क्षेत्र के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में ‘स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग’ (SHVR) 2026-27 के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सोयम चक्रपाणि कनिष्क के नेतृत्व एवं नोडल पदाधिकारी सह लेखा सहायक मोहम्मद कमरेज आलम की देखरेख में आयोजित किया गया। ऑनलाइन प्रशिक्षण का आयोजन गूगल मीट के माध्यम से दो अलग-अलग पालियों में किया गया। प्रथम पाली (पूर्वाह्न 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक) में सभी प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा द्वितीय पाली (अपराह्न 2 बजे से 3:30 बजे तक) में सभी मध्य एवं उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक व प्रधान शिक्षक शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर सह उच्च माध्यमिक विद्यालय लश्करी के कंप्यूटर शिक्षक अंकित कुमार एवं कन्या मध्य विद्यालय महगामा के विज्ञान शिक्षक आशीष कुमार घोष ने सभी प्रधानाध्यापकों को पोर्टल संचालन और स्व-मूल्यांकन से जुड़ी हर तकनीकी बारीकी से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। इस वर्चुअल प्रशिक्षण को सुचारू और सफलतापूर्वक संपन्न कराने में आईसीटी समन्वयक पूजा कुमारी एवं बीईडीएमसी डाटा ऑपरेटर पुरुषोत्तम कुमार ने सराहनीय योगदान दिया। बीईओ सोयम चक्रपाणि कनिष्क के हवाले से नोडल पदाधिकारी मोहम्मद कमरेज आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी संकुल (कॉम्प्लेक्स) समन्वयकों को संकुल स्तर का नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है तथा उन्हे अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत सभी विद्यालयों को https://shvr.education.gov.in/ पोर्टल पर जाकर आगामी 20 सितंबर तक अपना रजिस्ट्रेशन और स्व-मूल्यांकन अपलोड करने का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करना होगा। प्रशिक्षण के अंत में सभी विद्यालय प्रधान को यह भी निर्देशित किया गया कि अंतिम तिथि 20 सितंबर को ना देखते हुए एक सप्ताह के अंदर ही रजिस्ट्रेशन एवं स्व-मूल्यांकन अपलोड करना सुनिश्चित करेंगे।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post