बांका :-शिक्षा विभाग ने जिले के बाराहाट प्रखंड अंतर्गत राज्य संपोषित उच्च विद्यालय, पंजवारा के शारीरिक शिक्षक सुरेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिक्षक पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उल्टा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और छात्र को गुमराह कर शिक्षा विभाग के पोर्टल पर फर्जी शिकायत दर्ज कराने जैसे गंभीर आरोपों में यह कार्रवाई की गई है। कार्यालय आदेश के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विद्यालय में ध्वजारोहण के लिए झंडा बांधने की जिम्मेदारी शिक्षक सुरेन्द्र कुमार को सौंपी गई थी। उनकी लापरवाही के कारण झंडा उल्टा बंध गया और ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रीय ध्वज उल्टा फहरा दिया गया। इस घटना का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने इसे राष्ट्रीय गौरव अपमान अधिनियम का सीधा उल्लंघन माना। इसके अलावा शिक्षक पर विद्यालय के दसवीं कक्षा के एक छात्र आलोक कुमार को गुमराह करने का भी आरोप साबित हुआ है। छात्र का समय पर रजिस्ट्रेशन नहीं होने की स्थिति का फायदा उठाते हुए शिक्षक ने फोन पर उससे ओटीपी हासिल किया और छात्र के नाम से विभागीय 'सहयोग RTMS पोर्टल' पर विद्यालय प्रशासन के खिलाफ मनगढ़ंत शिकायत दर्ज करा दी। विभागीय जांच में छात्र ने स्वीकार किया कि उसने खुद कोई शिकायत नहीं की थी, बल्कि शिक्षक ने उससे ओटीपी लिया था। जांच में यह भी सामने आया कि शिक्षक द्वारा पहले भी ग्रामीणों को उकसाकर विद्यालय व्यवस्था और पठन-पाठन को बाधित करने का प्रयास किया गया था। मामले में स्पष्टीकरण और बचाव अभिकथन संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी के अनुमोदन के बाद जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) ने शिक्षक को बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कटोरिया का कार्यालय निर्धारित किया गया है और उनके विरुद्ध अलग से विभागीय आरोप-पत्र गठित करने का निर्देश दिया गया है।
रिपोर्ट:- केआर राव