बड़ी ऐघु की बहू डॉ. सौम्या शालिनी बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर, इतिहास विषय में बिहार में 41वीं रैंक



बेगूसराय। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़ी ऐघु गांव की बहू डॉ. सौम्या शालिनी ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम कर ली है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर (इतिहास) भर्ती परीक्षा में उन्होंने पूरे बिहार में 41वीं रैंक हासिल कर परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
डॉ. सौम्या शालिनी छपरा के वरिष्ठ अधिवक्ता जीवनंद शर्मा एवं सीमा शर्मा की पुत्री हैं। उनका विवाह बेगूसराय जिले के बड़ी ऐघु निवासी नित्यानंद सिंह एवं पूनम देवी के पुत्र शोभित कुमार से हुआ है। उनके पति बैंक ऑफ इंडिया की मंझौल शाखा में सहायक शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. सौम्या का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से स्नातक, पटना विश्वविद्यालय के दरभंगा हाउस से इतिहास विषय में स्नातकोत्तर तथा जयप्रकाश विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। शोध कार्य के दौरान उन्हें भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद (आईसीएचआर) की प्रतिष्ठित फेलोशिप मिली। वहीं भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) की फेलोशिप के तहत उन्हें मॉरीशस में शोध करने का अवसर भी प्राप्त हुआ। वर्तमान में वह महंत राम जीवन दास महाविद्यालय में अध्यापन कार्य कर रही हैं।
परिणाम घोषित होने के बाद डॉ. सौम्या शालिनी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, पति, सास-ससुर एवं पूरे परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि विवाह के बाद शोध कार्य और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन दोनों परिवारों के विश्वास, सहयोग और प्रोत्साहन ने हर कठिनाई को आसान बना दिया।
डॉ. सौम्या की इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। शिक्षकों, बुद्धिजीवियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर परिश्रम और पारिवारिक सहयोग से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर महंत राम जीवन दास महाविद्यालय के अशोक कुमार सिंह, प्रधानाध्यापक अमित कुमार, बीपी हाई स्कूल की शिक्षिका खुशबू कुमारी, मध्य विद्यालय कैदराबाद की शिक्षिका साक्षी सिंह, अधिवक्ता निलेश कुमार, कानूनविद् सिद्धार्थ शर्मा सहित अनेक शिक्षाविदों एवं गणमान्य लोगों ने डॉ. सौम्या शालिनी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post