रजौन,बांका :- रजौन प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शनिवार की संध्या राष्ट्रीय सेविका समिति की ओर से गुरु पूजन उत्सव का आयोजन सादगी व गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्र सेविका समिति की 17 बहनों तथा विद्यालय की 98 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत समिति की प्रार्थना और ध्वजारोहण से हुई, जिसे स्वयंसेविका ममता कुमारी एवं रिया कुमारी ने संपन्न कराया। रजौन में कार्यक्रम के सफल समापन के पश्चात मोहना में भी गुरु पूजन उत्सव का आयोजन किया गया। यहां ध्वजारोहण एवं प्रार्थना की प्रक्रिया अग्रेसरिका तान्या राज तथा पूनम कुमारी ने संपन्न कराई। दोनों ही स्थानों पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भागलपुर विभाग की प्रचारिका शशांकी कुमारी ने स्वयंसेविकाओं व छात्राओं को संबोधित करते हुए अपने बौद्धिक के माध्यम से गुरु पूजन उत्सव के सांस्कृतिक व आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं रजौन के कार्यक्रम में राष्ट्र सेविका समिति की स्वयंसेविका सरिता देवी, तनुजा कुमारी, प्रिया कुमारी, आंचल कुमारी सहित संगठन की अनेक बहनें मौजूद थीं। वहीं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की ओर से वार्डन अंजना सिन्हा, शिक्षिका मीणा हेंब्रम, अंजना कुमारी अंजू, रुक्मिणी तथा सुषमा सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट:-केआर राव