रजौन,बांका :- जिला योजना पदाधिकारी मो. इरफान अंसारी ने शनिवार को रजौन प्रखंड मुख्यालय स्थित आईटी भवन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के वित्तीय अभिलेखों की गहन जांच की। इस दौरान उन्होंने प्रखंड, अंचल, बाल विकास परियोजना, कृषि, मनरेगा और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य सभी विभागों के कैशबुक संधारण और वित्तीय स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में जिला योजना पदाधिकारी ने विभागों द्वारा दिए गए एडवांस (अग्रिम राशि) के समायोजन का कैशबुक से मिलान किया और लेखा-जोखा दुरुस्त रखने को लेकर संबंधित विभागों के नाजीरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रखंड और जिला स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे। मौके पर बीडीओ अंतिमा कुमारी, सीओ विश्वजीत कुमार, राजस्व अधिकारी सूरजेश्वर श्रीवास्तव, सीडीपीओ चंचला कुमारी, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी तारकेश्वर रजक, प्रखंड नाजिर चेतन आनंद, अंचल नाजिर मनीष कुमार और प्रखंड कृषि कार्यालय की अकाउंटेंट पूजा झा उपस्थित थीं। इसके अलावा बांका जिला योजना कार्यालय से आए प्रधान सहायक श्यामाकांत कुमार, शैलेश कुमार और रंजन कुमार ने कैंप कर योजनाओं से संबंधित विभिन्न कैशबुक, एडवांस समायोजन व अन्य वित्तीय कागजातों की जांच की और आवश्यक जानकारी जुटाई।
रिपोर्ट:- केआर राव