बंटी तिवारी हत्याकांड में पूर्व विधायक ने उठाए सवाल, हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग

बेतिया।चनपटिया के घोघा तिवारी टोला गांव (वार्ड-10) में बंटी तिवारी की हत्या के मामले को लेकर सिकटा के पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मृतक के पिता राधेश्याम तिवारी से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही बेतिया सदर डीएसपी से फोन पर बातचीत कर मामले का जल्द से जल्द पर्दाफाश करने की मांग की।
पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि बंटी तिवारी की हत्या बेहद नृशंस तरीके से की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान शासन में बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और दबंग एवं ताकतवर लोग गरीब तथा निरीह लोगों को निशाना बना रहे हैं।
उन्होंने कहा, “कोई ताकतवर और दबंग आदमी किसी निरीह, गरीब और शरीफ आदमी को कहीं भी कत्ल कर दे या फांसी पर लटका दे, लेकिन पुलिस-प्रशासन सुनने का नाम नहीं ले रहा है। यह एक खतरनाक स्थिति है और लोकतंत्र व न्याय के विरुद्ध है।”
वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी भाकपा-माले बंटी तिवारी के हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और हत्याकांड का खुलासा नहीं किया गया तो पार्टी की ओर से आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर हत्या के कारणों का पता लगाने तथा दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में वे उनके साथ खड़े हैं।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post