रजौन ,बांका :- भागलपुर प्रमंडल के कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक श्याम बिहारी सिंह ने बुधवार को रजौन प्रखंड का दौरा कर कृषि योजनाओं और आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। संयुक्त निदेशक ने सबसे पहले रजौन प्रखंड मुख्यालय स्थित ई-किसान भवन पहुंचकर गरमा मूंग बीज वितरण कार्य का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर उपस्थित किसानों ने अपनी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों के सामने समस्या रखी। किसानों का कहना था कि सरकार द्वारा सब्सिडी के बावजूद बीज के दाम काफी अधिक तय किए गए हैं। ई-किसान भवन का जायजा लेने के उपरांत संयुक्त निदेशक ने क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से रजौन बाजार, बामदेव बाजार और नवादा बाजार की विभिन्न उर्वरक दुकानों की जांच की। इस दौरान नवादा बाजार के जयकांत खाद बीज भंडार से अधिकारियों द्वारा जांच के लिए उर्वरक का नमूना भी लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह, कृषि समन्वयक संजय कुमार निराला, संजय कुमार सिंह और किसान सलाहकार शशिभूषण पांडेय सहित कृषि विभाग के कई अन्य कर्मी मौजूद थे।
रिपोर्ट:- केआर राव