बेटी के जन्म पर अब हरनाटांड़ पीएचसी में मिलेगा सम्मान पत्र
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत अनोखी पहल, अस्पताल में जन्म को बनाया जाएगा उत्सव।
बगहा :
बगहा दो पीएचसी हरनाटांड़ में सोमवार को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत अनोखी और सराहनीय पहल की शुरुआत की गई। अस्पताल में बेटी को जन्म देने वाले माता-पिता को अब बधाई पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पहल का शुभारंभ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. केवीएन सिंह ने वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति में किया।
इस मौके पर डॉ. केवीएन सिंह ने बताया कि इस पहल की शुरुआत उन्होंने दो जनवरी 2021 को अनुमंडलीय अस्पताल में की थी। इसका उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और लोगों को यह संदेश देना है कि बेटी अभिशाप नहीं, बल्कि परिवार व समाज के लिए वरदान है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में बेटी के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने से माता-पिता को सम्मान का एहसास होगा और समाज में बेटियों के प्रति भेदभाव कम करने में मदद मिलेगी। सम्मान पत्र के माध्यम से नवजात बेटी के माता-पिता को बधाई देने के साथ उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी जाएंगी।
कार्यक्रम में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेंद्र काजी, युवा विधायक प्रतिनिधि बिट्टू काजी, थारू महासंघ के महामंत्री राजकुमार महतो, अशोक महतो, प्रेमनाथ काजी, हरिहर महतो, पप्पू खतईत सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।