रजौन के प्रगति जीविका सीएलएफ में वार्षिक आम सभा का हुआ आयोजन


रजौन, बांका : रजौन प्रखंड के धौनी स्थित कार्यालय में गुरुवार को प्रगति जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड (सीएलएफ) की वार्षिक आम सभा धूमधाम से संपन्न हुई। कार्यक्रम की शुरुआत जीविका डीपीएम राकेश कुमार, जिला कृषि प्रबंधक चंदन कुमार, बीपीएम मुकेश कुमार, सीएलएफ एंकर पर्सन सह सीसी शांता भारती, अध्यक्ष आशा देवी और सचिव निशा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की, जिसके उपरांत जीविका सीएम शबनम देवी, नीतू कुमारी और रूबी कुमारी ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। सभा को संबोधित करते हुए डीपीएम राकेश कुमार और बीपीएम मुकेश कुमार सहित अन्य ने जीविका के कार्यों, उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। बैठक में सचिव निशा कुमारी द्वारा प्रस्तुत वार्षिक प्रतिवेदन के अनुसार संगठन के अंतर्गत अब तक कुल 78 ग्राम संगठनों एवं 1,146 स्वयं सहायता समूहों का गठन हो चुका है, जिनसे 12,779 जीविका दीदियां जुड़ी हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 138 नए समूहों का गठन कर 1,518 परिवारों को जोड़ा गया, साथ ही सभी समूहों व ग्राम संगठनों को आधारभूत प्रशिक्षण देकर सशक्त बनाया गया है। वित्तीय प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि सीएलएफ को आरंभिक पूंजीकरण निधि (आईसीएफ) के रूप में 8 करोड़ 11 लाख 15 हजार रुपये प्राप्त हुए हैं, जबकि कृषि यंत्र बैंक के तहत 10 लाख रुपये की सब्सिडी मिली है। इसके अलावा इस वित्तीय वर्ष में सामुदायिक कैडरों को मानदेय के रूप में 78 लाख 66 हजार 605 रुपये का भुगतान किया गया है। समारोह में उपस्थित बिहार ग्रामीण बैंक रजौन के शाखा प्रबंधक नलिनी, यूनियन बैंक रजौन के शाखा प्रबंधक नितेश कुमार और ग्रामीण बैंक पुनसिया के शाखा प्रबंधक आदि ने भी दीदियों का मार्गदर्शन व उत्साहवर्धन किया। इस दौरान आगंतुक अतिथियों सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाली जीविका दीदियों एवं कैडरों को मोमेंटो, पौधा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर सीसी अनिल कुमार, आरती कुमारी, खुशबू कुमारी, एरिया कोऑर्डिनेटर प्रतीक्षा कुमारी, आशा देवी, अध्यक्ष दिलीप राजहंस, एमबीके सुप्रिया कुमारी, एमआईएस अविनाश कुमार सहित बड़ी संख्या में जीविका कैडर व सदस्य उपस्थित रहे।

रिपोर्ट :- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post