मकरमडीह में 400 में दो पुड़िया ब्राउन शुगर खरीदकर लौट रहे किशोर को ग्रामीणों ने पकड़ा, रजौन पुलिस ने सप्लायर के घर दी दबिश

​रजौन, बांका :- प्रखंड के मकरमडीह गांव में अब सूखे नशे के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। सोमवार (28 सितंबर) की सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों ने गांव में एक किशोर को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान किशोर ने बताया कि वह खिड्डी गांव का निवासी है और तेरहमाइल चौक स्थित 'चांद किराना स्टोर' में काम करता है। उसने स्पष्ट किया कि वह नशे का धंधेबाज नहीं है, बल्कि दुकानदार के कहने पर ही वह नशीला पदार्थ लेने आया था। किशोर ने यह भी खुलासा किया कि उसने 400 रुपये में ब्राउन शुगर (सूखा नशा) की दो छोटी-छोटी पुड़िया खरीदी थीं। उसकी निशानदेही पर जबायचक निवासी कथित धंधेबाज निरंजन यादव (पिता- स्व. कमलेश्वरी यादव) का नाम सामने आया। इसके बाद सरपंच प्रतिनिधि मनोज कुमार मिश्रा ने तुरंत रजौन थाना को सूचना दी और ऐसे कारोबारियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन भी सौंपा। सूचना मिलते ही रजौन थाना से पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) अक्षय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पकड़े गए किशोर की निशानदेही पर एसआई अक्षय कुमार ने कथित बीएस कारोबारी निरंजन यादव के घर के अलावा संबंधित किराना दुकान की भी सघन तलाशी ली। हालांकि तलाशी के दौरान वहां से कोई अतिरिक्त नशीला पदार्थ बरामद नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने उक्त किशोर के पास से खरीदी गई दो पुड़िया सूखा नशा जब्त करते हुए उसे अपने साथ थाने ले गई और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। मौके पर एसआई अक्षय कुमार ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि अवैध नशे के धंधे से तुरंत तौबा कर लें, अन्यथा पकड़े जाने पर किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी कानूनी कार्रवाई तय है। गौरतलब है कि ग्रामीणों ने पहले ही पंचायत कर गांव में शराब व सूखे नशे की खरीद-बिक्री और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। ग्रामीणों द्वारा थानाध्यक्ष को दिए गए आवेदन पर संझा-श्यामपुर पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि मनोज कुमार मिश्रा के अलावे महेंद्र यादव, मुनीलाल यादव, विकास यादव, लक्ष्मण पासवान, मेदी प्रसाद यादव, कालीचरण यादव, गुलचरण पासवान, अर्जुन पासवान, मनोज यादव समेत दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर शामिल हैं।


रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post