बांका: बिहार के जमुई और समस्तीपुर के बाद अब बांका जिले से भी एक लड़की के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का वीडियो सामने आने से सनसनी फैल गई है. बांका के ऐतिहासिक मंदार पर्वत क्षेत्र का एक आपत्तिजनक वीडियो पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बौंसी थाना की पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया और 6 से 7 अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया सेल के माध्यम से पुलिस को व्हाट्सएप पर यह वीडियो प्राप्त हुआ था. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा पुलिस बल के साथ तुरंत मंदार पर्वत पहुंचे और स्थल पर पहुंचकर मामले का भौतिक सत्यापन किया. पुलिस जांच में इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि हो गई है और यह साफ हो गया है कि वीडियो मंदार पर्वत का ही है. वीडियो में 6-7 अज्ञात नवयुवक एक लड़की के साथ अश्लील हरकतें और अशोभनीय व्यवहार करते नजर आ रहे हैं. हालांकि, वीडियो में दिख रहे युवक और युवती कौन हैं, फिलहाल उनकी स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है, जिसे लेकर पुलिस स्थानीय लोगों और दुकानदारों से पूछताछ कर शिनाख्त में जुटी है.
इस मामले को लेकर बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि यह कोई हाल-फिलहाल की नई घटना नहीं है, बल्कि पुराना मामला है. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस इस पर पूरी निगरानी रखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है. घटना इसी वर्ष अप्रैल महीने की बताई जा रही है.
इधर थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा के लिखित बयान के आधार पर बौंसी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75, 76, 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66E व 67A के तहत मामला दर्ज कर वीडियो को साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रख लिया है तथा आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है.
रिपोर्ट;- केआर राव