रजौन,बांका :- रजौन प्रखंड अंतर्गत नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र के खजूरकोरामा व सैदपुर के बीच नहर रोड पर बीते रविवार शाम अपनी दूसरी पत्नी रिंकू देवी (30 वर्ष) की गला रेतकर नृशंस हत्या करने के आरोपी प्रमोद दास (60 वर्ष) को पुलिस ने सोमवार को न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त धारदार चमड़ा काटने वाला चाकू भी बरामद कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 सितंबर की शाम करीब 7:10 बजे नवादा बाजार पुलिस को सूचना मिली थी कि खजूरकोरामा व सैदपुर के बीच हरना प्रशाखा नहर रोड पर एक महिला का गला काटकर हत्या कर दी गई है। वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो देखा कि करीब 30 वर्षीय महिला का गला रेतकर हत्या कर दी गई थी और ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रमोद दास (60 वर्ष), पिता- गणेश दास, साकिन- पड़रिया, थाना व जिला- बांका बताया और मृतका को अपनी पत्नी रिंकू देवी होना स्वीकार किया। मृतका के पिता के फर्दबयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है। घटनास्थल का एफएसएल टीम द्वारा वैज्ञानिक मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। इसके बाद पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चमड़ा काटने वाला तेजधार चाकू जब्त करते हुए आरोपी प्रमोद दास को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष सुजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार को आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपी के पूर्व आपराधिक इतिहास का भी पता लगाने में जुटी है।
रिपोर्ट:-केआर राव