रजौन में कक्षा 9वीं-10वीं के विद्यार्थियों की OTR एंट्री में लचर प्रगति पर शिक्षा विभाग सख्त, बीईओ के निर्देश पर वीसी के जरिए प्रधानाध्यापकों को दी गई कड़ी चेतावनी

​रजौन,बांका -प्रखंड क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9वीं और 10वीं में अध्ययनरत अनुसूचित जाति-जनजाति (SC-ST) तथा पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग (BC-EBC) के छात्र-छात्राओं के ‘वन टाइम रजिस्ट्रेशन’ (OTR) और ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर उसकी एंट्री की बेहद धीमी और निराशाजनक रफ्तार को लेकर प्रखंड शिक्षा प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी देवनारायण पंडित द्वारा जारी कड़े आदेश के अनुपालन में रजौन प्रखंड में भी इस कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराने की कवायद तेज कर दी गई है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) सोयम चक्रपाणि कनिष्क के हवाले से जानकारी देते हुए प्रखंड लेखा सहायक मोहम्मद कमरेज आलम ने बताया कि शुक्रवार को प्रखंड के सभी उच्च व उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारियों के साथ एक विशेष वर्चुअल मीटिंग (वीसी) आयोजित की गई। वीसी के दौरान सभी विद्यालय प्रधानों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे आगामी तीन दिनों के भीतर अपने-अपने विद्यालयों के सभी पात्र छात्र-छात्राओं का OTR जनरेशन और ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर उसकी शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करें। लेखा सहायक ने कहा कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले विद्यालयों पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि ई-शिक्षाकोष पोर्टल की समीक्षा में रजौन प्रखंड का प्रदर्शन जिले भर में सबसे बदतर पाया गया है। पोर्टल के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक प्रखंड में कक्षा 9वीं-10वीं के कुल 1,424 SC-ST विद्यार्थियों में से मात्र 6 (महज 0.42%) तथा 3,687 BC-EBC विद्यार्थियों में से सिर्फ 2 (मात्र 0.05%) छात्र-छात्राओं की ही OTR एंट्री दर्ज हो सकी है। दोनों कोटियों को मिलाकर 5,100 से अधिक नामांकित विद्यार्थियों के मुकाबले अब तक महज 8 विद्यार्थियों का पंजीकरण होना विभाग के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। इसी असंतोषजनक आंकड़े को गंभीरता से लेते हुए बीईओ के निर्देश पर आयोजित आपात बैठक में सभी विद्यालय प्रधानों को दैनिक स्तर पर प्रगति रिपोर्ट साझा करने और तीन दिनों के भीतर शत-प्रतिशत विद्यार्थियों को पोर्टल पर पंजीकृत करने का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया है।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post